- सर्राफा व्यापारियों ने एक्साइज ड्यूटी के विरोध में बंद रखी दुकानें

- सिविल लाइंस में किया प्रदर्शन, मिला दूसरे संगठनों का समर्थन

ALLAHABAD: केंद्र सरकार द्वारा एक फीसदी एक्साइज ड्यूटी बढ़ाए जाने के विरोध में सर्राफा व्यापारियों की हड़ताल शुक्रवार को लगातार दसवें दिन भी जारी रही। इस दौरान प्रयाग सर्राफा मंडल द्वारा सिविल लाइंस में जोरदार प्रदर्शन कर टैक्स वापस लेने की मांग की गई।

विधायक ने किया संबोधित

सभा को शहर उत्तरी विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, पार्षद अशोक सिंह, गल्ला-तिलहर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश केसरवानी, विजय गुप्ता, विजय अरोड़ा, संतोष पनामा आदि ने संबोधित करते हुए मांगों का समर्थन किया। सर्राफा व्यापारियों ने कहा कि केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी लगाकर इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा दे रही है, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

बंद रहीं ज्वैलरी की दुकानें

उधर, दस दिन से चल रही बंदी के दौरान शुक्रवार को शहर की सभी ज्वैलरी की दुकानें बंद रहीं। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारियों में अनूप वर्मा, विनय सोनी, रामबाबू, सतीश वर्मा, विष्णु अग्रवाल, राकेश चड्ढ़ा, प्रशांत अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।