धूम धाम से मना श्री कृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार

इस्कान मंदिर में बेनी माधव का हुआ भव्य श्रृंगार

शुरू हुआ छह दिवसीय कृष्ण जन्मोत्सव महोत्सव

ALLAHABAD: रास रचैया, कृष्ण कन्हैया का जन्मोत्सव पर इलाहाबाद खुशी व भक्ति में डूब गया। हाथी घोड़ा पालकी, जै कन्हैया लाल की नंद के आनंद भयो जै कन्हैया लाल की आदि मंगलगीतों व शंख ध्वनि के बीच बेनी माधव, राधा कुंज बिहारी भगवान श्री कृष्ण ने घर-घर जन्म लिया। विधि-विधान पूर्वक उत्सव मनाया गया। बाढ़ की विभिषिका झेलने के बाद भी पूरा शहर कृष्णमय हो गया।

बेनी माधव का हुआ अभिषेक

काशीराज नगर बलुआघाट में स्थित इस्कान मंदिर में जन्माष्टमी पर बेनी माधव व राधारानी की विधि-विधान पूर्वक पूजन के साथ ही श्रृंगार हुआ। सुबह के समय जहां पीले वस्त्र से बेनीमाधव का श्रृंगार हुआ। वहीं देर रात में चांदी के 108 कलश से राधा कृष्ण का महाभिषेक हुआ। इसके बाद बेनी माधव को रेशम के धागों व मोती से करीब तीन लाख रुपये की लागत से तैयार मेहरून कलर का वस्त्र पहनाया गया। श्रृंगार के बाद महाआरती हुई जिसमें हजारों लोगों ने 'हरे कृष्णा, हरे-कृष्णा कृष्णा-कृष्णा हरे-हरे' धुन के साथ भगवान कृष्ण की आराधना की। आरती के बाद महाप्रसाद का भोग लगाया गया।

राजभोग अर्पित कर बजी बधाई

राधा कुंज बिहारी महाराज मंदिर खुल्दाबाद में श्रीराधाकुंज बिहारी महाराज का पीले वस्त्रों व जड़ाऊ आभूषणों से श्रृंगार कर आरती की गई। राजभोग अर्पित करने के साथ ही बधाई गाई गई। वहीं शाम को फूलों, केले के पेत्तों व आम के पत्तों से मंदिर को सजाया गया। आरती के बाद श्रीमद्भागवत के दशम स्कन्ध से श्रीकृष्ण लीला के जन्म प्रकरण का पाठ किया गया। महाजनी टोला चौक स्थित निम्बार्काचार्य पीठ में भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव समारोह मनाया गया। निम्बाकाचार्य गोस्वामी विष्णुकांत महाराज ने भगवान गोपीजन बल्लभ देव महाराज का दिव्य स्रोतों के साथ सहस्त्र दल तुलसी अर्पित कर पंजामृत से महाभिषेक किया। श्रृंगार व आरती के बाद लोगों ने पूजन किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

पुलिस लाइन में श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन के साथ ही श्रीकृष्ण की झांकी सजाई गई। वाराणसी से आए बाबू लाल भौंरा ने बिरहा सुनाया तो वहीं ममता शर्मा ने भजन के साथ ही बधाई गीत प्रस्तुत किया। अतरसुईया स्थित शनि पीठ सिद्धपीठ में घंटा-घडि़याल के बीच श्री कृष्ण का जन्म हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। छत्रपति शिवाजी महाराज जन कल्याण समिति की ओर से चकनिरातुल में श्याम सुंदर पटेल के आवास पर जन्मोत्सव समारोह मनाया गया। श्री कृष्ण की भव्य झांकी सजाने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मेयर अभिलाषा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। रामलीला समिति गुरुतेग बहादुर नगर करेली की ओर से कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। आर्य समाज मुण्डेरा की ओर से जन्माष्टमी पर संख्या वंदन के साथ ही देव यज्ञ का आयोजन किया गया। योगीराज श्री कृष्ण के जीवन पर प्रकाश डाला गया। लूकरगंज स्थित कृष्णा भवन में पूजन-अर्चन के साथ ही श्री कृष्ण की बाल कलाओं को प्रदर्शित किया गया।

छठ तक मनाया जाएगा उत्सव

जगह-जगह जहां जन्माष्टमी का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। वहीं कुछ स्थानों पर छह दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पथरचट्टी रामलीला कमेटी की ओर से पथरचट्टी मैदान में छह दिवसीय समारोह कृष्ण जन्माष्टमी समारोह का शुभारंभ हुआ। पहले दिन भगवान कृष्ण के जन्म के साथ ही बधाईयां बजी व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। वहीं कुंज बिहारी अग्रवाल ट्रस्ट समिति रामबाग की ओर से भी छह दिवसीय महोत्सव शुरू हुआ। महोत्सव के पहले दिन भगवान श्री कृष्ण का विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन के साथ ही वासुदेव द्वारा गोकुल गमन की झांकी सजाई गई। छठ तक अलग-अलग लीलाओं की झांकी सजाई जाएगी।