प्रयागराज (ब्‍यूरो)। मोहब्बत की जाए पर ऐसी भी न की जाए कि गैंग रेप का मुकदमा दर्ज हो जाए। मोहब्बत कीजिए पर माशूका के गुस्से पर नजर भी रखिए। माशूका का गुस्सा प्रेमी को जेल भी पहुंचा सकता है। ऐसा ही हुआ रिषभ के साथ। यूं तो प्रेम कहानियां हमेशा अजीबो गरीब होती है, मगर रिषभ की प्रेम कहानी भी बेहद अजीबो गरीब है। इंस्टग्राम पर रिषभ से एक लड़की से दोस्ती हुई। एक हफ्ते में मिलना जुलना शुरू हो गया। डेढ़ महीना बाद प्रेमिका का गुस्सा न जाने किस बात पर सातवें आसमान पर पहुंच गया और दो महीना बाद रिषभ को जेल जाना पड़ा। वो भी अपनी प्रेमिका के गैंग रेप में। जबकि रिषभ के घरवाले शादी को भी तैयार हैं। इसके बावजूद प्रेमिका ने फाफामऊ थाने में गैंग रेप का केस दर्ज करा दिया।

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती
फाफामऊ नई बस्ती के रहने वाले रिषभ के पिता नहीं हैं। मां नीलम और एक बहन कूसुम के साथ वह रहता था। रिषभ जल निगम में कांट्रैक्ट पर प्राइवेट जॉब कर रहा था। छोटा सा परिवार किराए पर रहता है। एक रात इंस्टाग्राम पर रिषभ की मुलाकात परी (नाम काल्पनिक) से हुई। दोनों में उसी रात दोस्ती हो गई। नतीजा ये हुआ कि रोज रात घंटों चैटिंग शुरू हो गई। दिन में बात होने लगी। दोनों में दोस्ती से मोहब्बत की रफ्तार इतनी तेज रही कि एक हफ्ते में ही मिलना जुलना शुरू हो गया। कुछ ही दिनों में दोनों रोज मिलने लगे। डेढ़ महीने के अंदर दोनों लिव इन रिलेशन में आ गए। बातचीत शादी तक पहुंच गई। दोनों के घरवालों को भी उनके रिश्ते के बारे में पता चल गया। करीब पंद्रह दिन पहले न जाने किस बात पर परी नाराज हो गई। इसके बाद तो रिषभ के लिए आफत हो गई। रिषभ दिन रात अपनी माशूका परी को मनाने में लगा रहा मगर बात नहीं बनी।

थाने में दे दिया एप्लीकेशन
तीन दिन पहले परी अचानक फाफामऊ थाने पहुंची। थाने में मुंशी सिपाही अपने काम में लगे थे। परी ने यह कहकर चौंका दिया कि उसके साथ गैंगरेप हुआ है। मंंशी से लेकर सिपाही दारोगा सब हैरत में पड़ गए। एक महिला सिपाही ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में कन्फर्म हो गया कि मामला संदिग्ध है। मगर पुलिस करती तो क्या करती। पुलिस वालों ने परी से एप्लीकेशन ले लिया। इसके बार रिषभ के घर शिकायत की जानकारी दी।

परेशान हो गया परिवार
पुलिस रिषभ के घर पहुंची। रिषभ ड्यूटी पर गया था। घर पर मां और बहन थी। पुलिस ने बताया कि रिषभ के खिलाफ थाने में एप्लीकेशन पड़ी है। परी ने एप्लीकेशन दी है। इस पर मां बेटी परेशान हो गए। रात में रिषभ लौटा तो वह भी परेशान था। मंगलवार दोपहर में रिषभ और उसके घरवाले, नात रिश्तेदार दर्जनों की संख्या में थाने पहुंचे। पंचायत शुरू हुई।

शादी से कर दिया इंकार
पुलिस ने परी को समझाया कि जब दोनों की मोहब्बत है तो फिर इतनी नाराजगी किस बात पर। रिषभ की मां ने शादी की हामी भर ली। यहां तक कि थाने के मंदिर में ही शादी की बात होने लगी। दोपहर से रात तक पंचायत चलती रही। थाने पहुंचने वाले तमाम लोगों ने परी को समझाया। मोहल्ले के लोगों ने समझाया मगर परी टस से मस न हुई।

जेल भिजवाकर मानूंगी
पंचायत के बीच बीच में रिषभ भी परी को अपने प्यार की दुहाई देता रहा। उसे मोहब्बत की बातें याद दिलाता रहा। उसकी हर बात मान लेने का वादा करता रहा। परी के पिता और भाई भी उसे मनाते रहे। समझाते रहे। मगर परी का एक ही जवाब था, जेल भिजवाकर मानूंगी। परी जब अपनी बात पर अड़ी रही तो रात में पुलिस ने परी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया। इसके बाद रिषभ को हवालात में डाल दिया। बुधवार को रिषभ को जेल भेज दिया गया।

एक लड़की ने अपने प्रेमी पर गैंगरेप का केस दर्ज कराया है। मामले में लड़की की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रवीण गौतम, इंस्पेक्टर फाफामऊ