प्रयागराज (ब्‍यूरो)।
जिले में जेंडर रेशियो बहुत अच्छा नही कहा जा सकता है। फूलपुर, इलाहाबाद और भदोही आंशिक मिलाकर तीनों सीटों पर जिले का औसत जेंडर रेशियो महज 845 है। इसे अच्छा नही कहा जा सकता है। यही कारण है कि चुनाव आयोग केवल प्रयागराज ही नही बल्कि पूरे यूपी में महिला वोटर्स की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रहा है। हालांकि अब सरकार बनाने में महिलाएं भी अपना भरपूर योगदान दे रहे हैं, लेकिन जेंडर रेशियों कमजोर होने से पुरुष वोटिंग में अधिक हावी नजर आते हैं।

पहले नंबर पर है सोरांव
प्रयागराज में कुल मिलाकर बारह विधानसभा हैं। जिनमें फूलपुर सीट में फूलपुर सहित फाफामऊ, सोरंाव, हंडिया और प्रतापपुर शामिल हैं। इसी तरह से इलाहाबाद सीट में मेजा, करछना, इलाहाबाद उत्तरी, दक्षिणी और पश्चिम विधानसभा हैं। भदोही में बारा और कोरांव को शामिल किया गया है। इन सभी में सबसे अच्छा जेंडर रेशियो सोरांव का 865 हैं। मतलब यहां एक हजार पुरुष मतदाता में 865 महिला मतदाता हैं। जबकि इस मामले में सबसे ज्यादा फिसड्डी मेजा विधानसभा है। यहां पर एक हजार पुरुष मतदाता में 819 महिला मतदाता हैं।

अभी भी है मौका
अधिकारियों का कहना है कि जेंडर रेशियों को बढ़ाने की कवायद पूरे प्रदेश और देश में जारी है। चुनाव आयोग की मंशा है कि अधिक से अधिक महिलाओं और युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए। इस पर फोकस भी किया जा रहा है। फिलहाल प्रयागराज की दोनों लोकसभा का चुनाव 25 मई को है और इसकी अधिसूचना 29 अप्रैल को जारी होगी। तब तक मतदाता सूची में महिलाओं का नाम अधिक से अधिक संख्या में दर्ज कराने की कवायद जारी है।

कहां का कितना है जेंडर रेशियो
फाफामऊ- 848
सोरांव- 865
फूलपुर- 829
प्रतापपुर- 853
हंडिया- 850
मेजा- 819
करछना- 847
इलाहाबाद पश्चिम- 839
इलाहाबाद उत्तरी- 830
इलाहाबाद दक्षिणी- 844
बारा- 864
कोरांव- 858
औसत जेंडर रेशियो- 845
जिले में कुल थर्ड जेंडर के वोट- 619

शहर दक्षिणी में सर्वाधिक किन्नर
वर्तमान में जिले में सबसे ज्यादा थर्ड जेंडर यानी किन्नर मतदाताओं की संख्या शहर दक्षिणी विधानसभा में 128 है। जबकि सबसे कम किन्नर वोट मेजा में महज 16 है। इन सभी का नाम मतदाता सूची में शामिल कर वोट देने की अपील भी की गई है। अभी अन्य थर्ड जेंडर को भी मतदाता सूची में शामिल करने की कवायद जारी है।