प्रयागराज (ब्‍यूरो)। पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या द्वारा लगातार हिंदू देवी देवताओं पर की जा रही अपमान टिप्पणी पर योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्या को समाजवादी पार्टी का भस्मासुर बताया है। मंत्री नंदी ने कहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्या सपा मुखिया अखिलेश यादव के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य लगातार हिंदू देवी और देवताओं को अपमानित करने वाले बयान दे रहे हैं लेकिन सपा मुखिया अखिलेश यादव उनके बयानों का ना ही खंडन करते हैं और ना ही उसकी निंदा करते हैं। वह बुधवार को सिविल स्थित एक गेस्ट हाउस में महान सेनानी बिरसा मुंडा के जयंती अवसर पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे।

विनाशकाले विपरीत बुद्धि
उन्होंने कहा है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव और स्वामी प्रसाद मौर्या के लिए विनाश काले विपरीत बुद्धि कहना भी कम होगा। उन्होंने कहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्या से ऐसे बयान जानबूझकर दिलाए जा रहे हैं, ताकि मुस्लिम वोटों का तुष्टिकरण हो सके। मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी होने जा रही है। इसमें स्वामी प्रसाद मौर्या भस्मासुर का काम करेंगे। उन्होंने जहां पर भी हाथ रखा वह समाप्त हो गया। कार्यक्रम के संयोजक भाजपा के वरिष्ठ नेता डा विक्रम सिंह पटेल ने कार्यक्रम पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान सेनानी बिरसा मुंडा के जयंती पर राष्ट्रीय स्तर पर समारोह और संगोष्ठी आयोजित कराकर महान सेनानी को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित किया है। महान सेनानी बिरसा मुंडा को पूर्व मंत्री और भाजपा नेता डा नरेन्द्र सिंह गौर, प्रभाशंकर पाण्डेय, सांसद केशरी देवी पटेल, सांसद डा रीता बहुगुणा जोशी, काशी प्रांत के उपाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, उप्र किन्नर वेलफेयर बोर्ड की वरिष्ठ सदस्य और किन्नर अखाड़ा की प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि, विधायक इं हर्षवर्धन बाजपेयी, एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी, अशोक द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।