प्रयागराज (ब्‍यूरो)। सोमवार सुबह संगम में हुई एक घटना ने पूरे प्रयागराज को शर्मसार कर दिया। घटना मारपीट की है। बहुत मामूली है, आए दिन कहीं न कहीं होती ही रहती है। मगर इस घटना ने संगम की आस्था के साथ खिलवाड़ कर दिया है। सोमवार सुबह संगम एरिया में स्टैण्ड की पर्ची काटने को लेकर खुलेआम दबंगई की गई। स्टैण्ड की पर्ची काटने वाले युवक हाथों में लाठी डंडा लेकर तब तक अराजकता पर उतारु रहे जब तक लोगों का मजमा नहीं लग गया। तीर्थ यात्रियों को जमकर पीटा गया। गनीमत रही कि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दो आरोपितों को पकड़ लिया। हालांकि दो अभी फरार हैं।

आगरा से तीर्थ यात्रा पर निकले हैं लोग
करीब दस दिन पहले आगरा से बस रवाना हुई। बस में पचास लोग तीर्थ यात्रा पर निकले। बस तीर्थ यात्रियों को लेकर सबसे पहले नैमिषारण्य पहुंची। इसके बाद आयोध्या, विंध्याचल होते हुए सोमवार को संगम पहुंची। घटना सुबह करीब सात बजे की है। परेड क्रास करके जैसे ही बांध से बस संगम एरिया में पहुंची कई युवक बस को रोकने लगे। स्टैण्ड की पर्ची कटवाने के लिए कहने लगे। ड्राइवर पवन कुमार ने बस को किनारे खड़ी करने की बात कही, तब तक एक युवक ने हाथ चला दिया। ड्राइवर पवन को जोरदार थप्पड़ लगा। यह देख बस के यात्री चिल्लाने लगे। ड्राइवर ने बस किनारे लगा दी।

यात्रियों को पीटने लगे दबंग
ड्राइवर ने बस रोड के किनारे खड़ी की तो कई यात्री नीचे उतर आए। इस बीच स्टैण्ड की पर्ची काटने वाले दबंग हाथों में लाठी डंडा लेकर आ गए। लाठी डंडे से लैश दबंगों ने यात्रियों को पीटना शुरू कर दिया। बस के अंदर महिलाएं और बच्चे भी थे। सब दहशत में आ गए। यात्रियों ने जान बचाकर भागने की कोशिश की तो दबंगों ने उन्हें दौड़ा दौड़ाकर पीटा। दबंगों की पिटाई से तीर्थ यात्री रामवीर सिंह, निवासी ताजगंज आगरा, रामेंद्र सिंह निवासी आगरा देहात नगला पाटम और कन्हैया निवासी आगरा ताजगंज के अलावा अन्य यात्री घायल हो गए। महिलाएं चिल्लाती रह गईं मगर दबंगों पर कोई असर नहीं पड़ा। करीब दस मिनट तक दबंगों ने अराजकता का खेल खुलेआम सड़क पर खेला। सड़क पर मारपीट होते देख लोगों की भीड़ जमा होने लगी तो दबंग अपशब्द कहते हुए भाग निकले। भाग रहे दबंगों में से किसी एक ने रामवीर सिंह का पंद्रह हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया।

पकड़े गए दो आरोपित
सूचना पर थानेदार तुषार दत्त त्यागी फोर्स के साथ पहुंच गए। संगम चौकी इंचार्ज पवन कुमार भी आ गए। घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद रामेंद्र सिंह से तहरीर ली गई। पुलिस ने आरोपितों का नाम पता किया। फिर रामेंद्र सिंह की तहरीर पर अंकुश यादव, शनि जायसवाल, सांवरे और गोलू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इसके बाद चौकी इंचार्ज पवन कुमार ने आरोपित अंकुश और शनि को गिरफ्तार किया।


ये है विवाद का कारण
संगम एरिया में एक अप्रैल से पार्किंग की पर्ची काटी जा रही है। संगम आने जाने वाले बाहरी वाहनों से दो सौ रुपये पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। हैरत तो इस बात की है कि संगम एरिया में पर्ची काटने वाले युवक ये नहीं बता सके कि ठेका किसने लिया है। ठेका कहां से मिला है। बस युवक हाथ में पर्ची लेकर काटते रहते हैं। वाहनों से पार्किंग के नाम पर दो सौ रुपये वसूला जाता है।


ये होता है प्रयागराज में
इस घटना ने प्रयागराज की कैसी तस्वीर तीर्थ यात्रियों में पेश की होगी, इसे आसानी से समझा जा सकता है। रामेंद्र सिंह, रामवीर सिंह, कन्हैया को शायद ही इसका अंदाजा रहा हो कि जिस संगम की महिमा को सुनकर वह लोग संगम जा रहे हैं, वहां पर उनके साथ ऐसा सुलूक किया जाएगा।


आधा दिन बैठे रहे थाने में
घटना सुबह सात बजे के करीब हुई। इसके बाद पुलिस कार्रवाई में जुट गई। रामेंद्र सिंह, रामवीर सिंह, कन्हैया और ड्राइवर पवन कुमार को करीब आठ बजे पुलिस थाने ले आई। इसके बाद यह सभी लोग बगैर कुछ खाए पिए थाने में तीन बजे तक बैठे रहे। तीन बजे के बाद पुलिस ने सभी को जाने दिया।

ऐसा करते हैं मेहमानों के साथ
रोजाना हजारों की संख्या में बाहर से तीर्थ यात्री संगम आते हैं। मारपीट की घटना आए दिन होती रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पार्किंग के नाम पर पर्ची काटने वाले दबंग बेहद बदतमीजी से बात करते हैं। मारपीट पर अमादा हो जाते हैं।

सैकड़ों परिवार की चलती है रोजी रोटी
संगम में सैकड़ों परिवार की रोजी रोटी बाहर से आने वाले तीर्थ यात्रियों की बदौलत चलती है। संगम एरिया में खीरा, ककड़ी, तरबूज, आइसक्रीम, चुरमुरा, चना, नाश्ता बेचने वालों की अच्छी खासी तादाद है। मगर इसके बावजूद तीर्थ यात्रियों से बदसलूकी करना कहां तक जायज है।

वीडियो हुआ वायरल
संगम एरिया में मारपीट की घटना आए दिन होती है। बाहर से आने वाले तीर्थ यात्री पुलिस के पचड़े से बचने के लिए बगैर शिकायत किए चले जाते हैं। ऐसा नहीं कि पुलिस को इसकी जानकारी नहीं रहती है, मगर पुलिस सब कुछ जानकर भी अनजान बनी रहती है। सोमवार को हुई घटना में पुलिस ने केवल इसीलिए तेजी दिखाई क्योंकि किसी ने मारपीट की घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद जब वीडियो वायरल हो गया तो पुलिस पर कार्रवाई का खासा दबाव बन गया। वरना रोज होने वाली घटनाओं की तरह इस घटना को भी दारागंज पुलिस पचा जाती।

संगम एरिया में पार्किंग को लेकर एक अप्रैल से टेंडर हुआ है। टेंडर कैण्टोमेंट से जारी किया गया है। संगम एरिया में पार्किंग की पर्ची को लेकर विवाद हुआ। तीर्थ यात्री की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। दो आरोपित को पकड़ लिया गया है। दो अन्य की तलाश की जा रही है।
तुषारदत्त त्यागी, थाना प्रभारी दारागंज