प्रयागराज ब्यूरो । आज महा शिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। शिवालयों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। विशेष साज सज्जा की गई है। शिव भक्तों ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। महा शिव रात्रि पर रुद्राभिषेक का बहुत महत्व माना जाता है। ऐसे में मंदिरों में रुद्राभिषेक के अनुष्ठान की भी तैयारी है। लोग सौभाग्य की कामना से व्रत भी रखेंगे। शहर के प्रमुख मंदिरों में गुरुवार शाम से ही सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद कर दी गई। प्रमुख मंदिर में पुलिस की चौबीस घंटे की ड्यूटी लगाई गई है।

प्रमुख मंदिरों में होगी भीड़
शहर में शंकर जी के कई प्रमुख मंदिर हैं। इनमें मनकामेश्वर मंदिर, शिव कचहरी मंदिर, पंडि़ला महादेव मंदिर प्रमुख हैं। जहां पर शिव रात्रि पर्व पर लाखों लोगों की भीड़ जुटती है। भोर से ही भक्तों का तांता जलाभिषेक के लिए लग जाता है। भोर से शुरू होकर देर रात तक मंदिरों में भक्त जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान मंदिरों में रुद्राभिषेक का भी अयोजन होगा। वहीं, शहर में जगह जगह शिवालयों को विशेष रुप से सजाया गया है। तमाम जगहों पर भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।

मंदिरों की बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रमुख शिव मंदिरों की सुरक्षा को गुरुवार से ही चुस्त कर दिया गया। मनकामेश्वर मंदिर, शिवकुटी शंकर कचहरी मंदिर और पंडि़ला महादेव मंदिर में स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी भी लगाई गई है। मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए बैरिकेडिंग की गई है। ताकि श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो। थाना क्षेत्र वार सभी थानेदारों को निर्देश जारी किया गया है कि उनके क्षेत्र में आने वाले शिवालयों पर दर्शन पूजन में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।

व्रत और रुद्राभिषेक का अनुष्ठान
महाशिवरात्रि पर व्रत और रुद्राभिषेक का अनुष्ठान किया जाएगा। इसके लिए शिव भक्तों ने एडवांस में तैयारी कर ली है। महिलाएं व्रत रखेंगी तो पुरुष रुद्राभिषेक का अनुष्ठान करेंगे। रुद्राभिषेक के लिए लोगों ने पंडित की बुकिंग एडवांस में करा रखी है।

महाशिवरात्रि का विशेष महत्व
महाशिवरात्रि शंकर जी के पूजन दर्शन का प्रमुख पर्व माना जाता है। माना जाता है कि इस दिन शंकर जी के विशेष पूजन से लक्ष्मी, आरोग्य, वैभव और यश की प्राप्ति होती है। शंकर जी को बैर, आम की बौर, सरसों का फूल, गन्ने का रस, दूध, दही, घी, गंगा जल से अर्पित करके विशेष पूजन से लाभ प्राप्त होता है।

यहां उमड़ेगी भीड़
- मनकामेश्वर मंदिर यमुना के किनारे।
- शंकर कचहरी शिवकुटी में।
- पंडि़ला महादेव मंदिर थरवई में
- दशाश्वमेघ घाट दारागंज
- शंकर मंदिर सिविल लाइंस
- तक्षकेश्वर महादेव मंदिर अतरसुइया
- नागवासुकि मंदिर दारागंज


महाशिवरात्रि शंकर जी के विशेष पूजन का पर्व है। इस दिन गंगा जल शंकर जी को जरुर अर्पित करना चाहिए। इसके अलावा रुद्राभिषेक करना चाहिए। ताकि शंकरजी की विशेष कृपा की प्राप्ति हो।
मुधरम मिश्रा, ज्योतिष विशारद


शिव लिंग पर गंगा या शुद्ध जल में काला तिल मिलाकर जलाभिषेक करने से आरोग्य की प्राप्ति होती है। गुड़ या गन्ने का रस चढ़ाने से लक्ष्मी की प्राप्ति होती है। महाशिवरात्रि पर शंकरजी का विशेष पूजन लाभदायी होता है।
हरिओम पांडेय, ज्योतिषी