ALLAHABAD: जैसे-जैसे वोटिंग की डेट करीब आ रही है, वैसे-वैसे इलाहाबादी बयार चुनावी रंग में सराबोर होती जा रही है। हो भी क्यों न हकीकत में होली भी नजदीक है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि 11 मार्च की शाम तक कहीं अबीर-गुलाल उड़ने लगेगा तो कहीं बिना दीपक के दीपावली वाली रात का नजारा सामने होगा। शहर में भी चाय की चर्चा नतीजों की तरफ ही मुड़ रही है। हाईकोर्ट के पास स्थित पटेल टी स्टॉल पर चल रही चाय की चर्चा भी अंत में इसी निष्कर्ष पर पहुंची। तो कैसे शुरू हुआ चर्चा का दौर और क्या निकला पब्लिक का निष्कर्ष

आज कल नेता लोगन के पास बहुत काम है। होय भी काहे नैय। पांच साल में एकैय बार तो मौका मिलत है जनता के बीच जाय के। नहीं तो पांच साल तो जनता लाइन में लगे ही रहत है। नेताओं के चुनाव प्रचार पर चुटकी लेते हुए कौशल पाण्डेय ने कहा कि चुनाव नैय आवय तो नेता जी लोगन के पास पब्लिक के समस्या जानैय के लिए टाइम नैय निकले। इ तो भला होय चुनाव के जौउन नेता जी लोगन का पब्लिक के बीच जाय पर मजबूर कर देत है। अब अइसा भी नहीं है कौशल भाई। ये कहते हुए प्रवीन उर्फ गुड्डू आगे आए। अखिलेश भैया का देख लेव। युवा होय के साथ ही साथ आम लोगन के बात भी सुनत हैंय। उनके जैइसे नेता भी हैं। जौउन पब्लिक की समस्या को सबसे पहिले सुनत है और ओका दूर करैय के लिए काम करत है। अच्छा बहुत सही कह रहे हो गुरू, ये कहते हुए बीच में टपके उमाशंकर बोले, जौउन अपने घरैय में बवाल कर देय ओका जनता के केतना चिंता होई इ समझा जाय सकत है। अपने पिता की बात तक का काट दिहिन, सत्ता एइस चीज है भैया के कोउनाव कोई के सगा नैना आज के समय में। इ जान लेयव अच्छे से। इ मामले में आपन बहिन ही सबसे बढि़या है। पार्टी एक नेता पर चलत है। बहिन जी सब के सुनत है और सबके लिए करत भी रही। अच्छा बहुत काम करिन बहिन जी। ये कहते हुए अशोक बीच में कूदे, बोले, कुछ भी कहो, लेकिन इ बार जनता सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर ही भरोसा करी। कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता के लिए संघर्ष करती रही है। ऐ मे कोई दूइ राय नहीं। इ लिए जनता इ बार अखिलेश और राहुल पर भरोसा करी। औउर दुनौव नेता जनता के विकास के लिए मिलकर काम करिहैय। ओनही लोग प्रदेश का विकास कर सकत है। बाकी तो भैया आज कल जुमले बाजी करैय वाले बहुत नेता है। हम जनता देखे है कांग्रेस के सरकार, यह बोलते हुए अभिमन्यु चर्चा में शामिल हुए। उन्होंने कहा मनमोहन सिंह के दस साल के सरकार में जनता ने बहुत कुछ देखा है। पड़ोसी देश जो चाहे कर देता था। लेकिन हमारे नेता सिर्फ निंदा ही करते थे। पहली बार ऐसा प्रधानमंत्री मिला जौन पाकिस्तान में घुसकर मुहतोड़ जवाब देने की हिम्मत जुटाई।

जनता सभी पार्टियों और उनके नेताओं के बारे में अच्छे से जानती है। आज भी लोग कांग्रेस के प्रति अपना प्रेम रखते है। इस बार भी यूपी में कांग्रेस और सपा मिलकर सरकार बनाएगी।

उमेश

जनता कांग्रेस और उसके नेताओं को अच्छे से जानती है। आजादी से लेकर अभी तक सबसे अधिक कांग्रेस ही सत्ता में रही। इसलिए इस बार भी जनता पीएम पर ही भरोसा दिखाते हुए बीजेपी को जिताएगी।

प्रभात पाण्डेय

इस बार चुनाव परिणाम चौंकाएंगे। अभी तक के हालात को देख कर कहा जा सकता है कि इस बार किसी को पूर्ण बहुमत नहीं मिलने जा रहा। जो भी पार्टी सत्ता में आएगी। गठबंधन से ही आएगी।

महेन्द्र

टी प्वाइंट

इस बार युवा जोश पर पब्लिक भरोसा करेगी, उसे जुमलेबाज नेता की पहचान हो गई है

अब देश में एक ही ऐसी पार्टी रह गई है जो देश और उसके विकास के बारे में सोचती है

इस बार कोई भी पार्टी अपने दम पर सरकार नहीं बना पाएगी, सरकार तो गठबंधन की ही बनेगी