39 साल पहले 48.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था पारा
vikash.gupta@inext.co.in
ALLAHABAD: जून माह में अभी तक पारा 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर नहीं गया है। इसके बावजूद गर्मी और उमस की मार से लोग त्रस्त नजर आ रहे हैं। अगर कहीं पारा 48 डिग्री तक पहुंच जाए तो फिर तपिश का आलम क्या होगा? हालांकि, सोमवार को एक बार फिर दिन का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

2014, 2017 में पड़ी थी रिकॉर्ड गर्मी
भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी जून माह में इलाहाबाद के आंकड़ों को देखें तो बीते दस साल में 2014 के अलावा 2017 में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। वहीं 39 बरस पहले 06 जून 1979 को इलाहाबाद में सबसे ज्यादा 48.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया था। यह रिकार्ड अभी भी बरकरार है। वहीं बात न्यूनतम तापमान की करें तो 20 जून 2008 को सबसे कम 18.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया था।

जून का औसत तापमान 39.2 रहा है
चूंकि जून को बारिश के आगमन का महीना भी माना जाता है। ऐसे में भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़े बताते हैं कि 102 वर्ष पूर्व 23 जून 1916 वह दिन था जब चौबीस घंटे में सबसे ज्यादा 176 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई थी। वहीं जून के पूरे माह में भी वर्ष 1916 में सबसे ज्यादा रिकार्ड बारिश 463.7 मिलीमीटर दर्ज की गई थी। हालांकि मौसम विभाग के आंकड़े दर्शाते हैं कि वर्ष 1981 से 2010 के बीच इलाहाबाद में जून का औसत तापमान अधिकतम 39.2 डिग्री तथा न्यूनतम 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा है।

बीते दस सालों में जून माह में इलाहाबाद का अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

04 जून 2017- 48

11 जून 2016- 45.6

08 जून 2015- 47.8

07 जून 2014- 48.3

06 जून 2013- 42.3

01 जून 2012- 47.8

05 जून 2011- 43.8

01 जून 2010- 45.3

22 जून 2009- 44.8

02 जून 2008- 41.7

मानसून की प्रक्रिया चल रही है। लेकिन यूपी में मानसूनी बारिश ठिठक सी गई है। इसके लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। अच्छी बारिश के रूझान मिल रहे हैं।

प्रो। एआर सिद्दकी, ज्योग्राफी डिपार्टमेंट इलाहाबाद यूनिवर्सिटी