-होली में लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने के लिए पुलिस ने शुरू की तैयारी

-इलेक्शन के चलते इस बार होली में बरतनी होगी ज्यादा सतर्कता

BAREILLY: विधानसभा इलेक्शन रिजल्ट के ठीक दो दिन बाद 13 मार्च को होली का त्योहार होने के चलते इस बार लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करना पुलिस-प्रशासन के लिए कड़ी चुनौती होगी। इसी के चलते पुलिस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। सबसे ज्यादा विवाद डीजे को लेकर होते हैं। इसलिए सबसे ज्यादा डीजे पर पाबंदी शुरू कर दी गई है। डीजीपी ने डीजे संचालकों को पांच-पांच लाख रुपए के मुचलके से पाबंद किया जाएगा। डीजीपी के निर्देश पर बरेली पुलिस ने डीजे संचालकों की लिस्ट बनानी शुरू कर दी है।

राम बारात निकलवाना चुनौती

होली पर अक्सर रंग डालने को लेकर दो समुदाय के लोगों में आपस में झगड़ा हो जाता है। कई बार एक ही समुदाय में विवाद होता है। इस बार 11 मार्च को विधानसभा इलेक्शन का रिजल्ट आने वाला है। हार-जीत के बाद ही अलग-अलग प्रत्याशियों का समर्थन करने वाले लोग आपस में झगड़ा करते हैं। कई बार झगड़ा बड़ा रूप ले लेता है। बरेली में होली से एक दिन पहले 12 मार्च को राम बारात निकलेगी। यह राम बारात शहर के कई सेंसिटिव एरिया से होकर गुजरती है, जिसमें हजारों लोग शामिल होते हैं। पुलिस को आशंका है कि इस बार बारात में शामिल होने वालों की संख्या पहले से ज्यादा हो सकती है और हुड़दंग भी ज्यादा हो सकता है। इसी के चलते डीजे संचालकों की पहचान शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी थानों में डीजे संचालकों की लिस्ट तैयार हो जाएगी और सभी को मुचलके से पाबंद किया जाएगा।