- रोहणी नक्षत्र में हुआ कान्हा का जन्म, मंदिरों में गूंजे जयकारे, उमड़ पड़े कृष्ण भक्त

- नाथ-नगरी में हुए विभिन्न कार्यक्रम, लगा मेला, देव स्वरूपों की निकाली झांकी

BAREILLY:

भादों की कृष्ण पक्ष के रोहणी नक्षत्र में रात बारह बजते ही घर और मंदिर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठे। मंदिर के अंदर और बाहर भक्तों की भीड़ रही। भक्त बाल गोपाल, लड्डू गोपाल के जयकारे लगा रहे थे। मंगल गीत और मंत्रोच्चार से भगवान श्री कृष्ण का पंचद्रव्य से स्नान के बाद महाश्रृंगार और पूजन किया गया। भक्तों ने भगवान को शीश नवाकर आरती और प्रसाद ग्रहण कर देर रात घरों को लौटे।

शुभ मुहूर्त में प्रकटे गोपाल

जन्माष्टमी इस बार रोहणी नक्षत्र, वृष राशि का चंद्रमा और अष्टमी तिथि गुरुवार को मानी गई। जो भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय का योग है। इसी शुभ मुहूर्त में थर्सडे सुबह भक्त मंदिर पहुंचे। पूजा-अर्चन के बाद जन्माष्टमी का व्रत रखा। सुबह से मंदिरों में जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही थी। मंदिरों को देर शाम तक जगमग किया गया। शाम को मंदिरों में भक्तों की भीड़ पहुंचने थी। लड्डू गोपाल, माखन चोर, द्वारिकाधीश कान्हा के कई स्वरूपों में सजे बच्चों ने मंदिर पहुंचे। तो बच्चियों ने राधा का स्वरूप धारण किया। मंदिरों में भगवत भजन और बच्चों के नृत्य का आयोजन हुआ।

झांकियों ने मोहा मन

बांके बिहारी मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के लिए कोलकाता के कारीगरों ने फूलों से मंदिर को सजाया। वृंदावन से मंगाई पोशाक से कृष्ण का श्रृंगार किया। बच्चों की कई प्रतियोगिताएं हुई। भजनों पर बच्चों समेत बड़े भी झूम रहे थे। मंदिर में कृष्ण जी गाय का दूध निकालते हुए, कृष्ण व गोपियों का नृत्य, हनुमान के दोनों कंधों पर प्रभु राम व लक्ष्मण, बर्फ पर खड़े महादेव, शिव जटा से गंगा निकलते समेत कई झांकियों ने मन मोह लिया। रात 12 बजे भगवान का प्राकट्योत्सव हुआ। उसके बाद दही, घी, शहद, शक्कर, पंचामृत से विधिवत अभिषेक किया गया। आरती के प्रसाद बांटा गया।

मंदिर के बाहर लगा मेला

मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में 56वां विराट भक्ति ज्ञान वार्षिक महोत्सव शुरू हुआ। मंदिर में बाल नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम व श्री हरिनाम संकीर्तन की रसधार बही। कृष्ण-राधा का स्वरूप धारण किए छोटे-छोटे बच्चों ने आकर्षक नृत्य किया। ठाकुर जी का दिव्य श्रंगार, म्यूजिकल फाउंटेन, बिजली की झालरों की सजावट और पुष्प सज्जा का विशेष आकर्षण रहा। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, बधाई गीत, प्रसाद वितरण हुआ। हर कोई प्रभु दर्शन को बेकरार रहा। देर रात तक लोगों की भीड़ दर्शन को उमड़ती रही।

ऑर्गनाइज हुए कार्यक्रम

जन कल्याण युवा जागरण समिति ने कांकरटोला में मेला बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ संकल्प के साथ शुरू हुआ। कटरा चांद खां स्थित सीताराम मंदिर में भव्य झांकियों के साथ श्री कृष्ण का प्राकट्योत्सव मनाया गया। कटरा मानराय स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, ब्रह्मपुरा स्थित श्री शिव कालका राष्ट्रीय मंदिर, पुलिस लाइंस स्थित श्री कृष्ण जन्मोत्सव शिव पुराण मंदिर में भी जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। बसंत विहार स्थित शिव पार्वती मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। चक महमूद स्थित शिव मंदिर में बच्चों ने रंगारंग झाकियां निकालीं। इज्जतनगर के धौरेरा माफी स्थित शिव मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिला ब्राह्मण सभा की ओर से रघुनाथ मंदिर में भजन-कीर्तन हुए।