-संडे सुबह उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के लिए घंटो पहले जमा हो गई महिलाओं की भीड़

- सुख-समृद्धि व मनोकामना पूर्ति के लिए भरी कोसी, विधि विधान से किया पूजन

बरेली:

छठ पूजा के चौथे दिन संडे को व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देकर 36 घंटे के अखंड व्रत का पारण किया। इसके लिए महिलाओं ने एक दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी। रात भर तैयारियां पूरी करने के बाद महिलाएं अल सुबह छठ घाट पर पहुंचनी शुरू हो गईं। उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देकर विधि विधान से पूजन किया। इसके बाद मनोकामना के लिए कोसी भरी और व्रत का पारण किया।

सिर पर डाला लेकर पहुंचे पुरुष

महिलाओं के साथ पुरुष सिर पर डाला लेकर घाट पर पहुंचे। सूर्य को अ‌र्घ्य देने के बाद व्रतियों ने प्रसाद खाकर व्रत का पारण किया। घरों में भी प्रसाद का वितरण किया गया। बांस की दउरी में केला, अमरूद समेत मौसमी फल, अन्न और प्रसाद लेकर महिलाओं ने श्रद्धा पूर्वक भगवान भाष्कर को अ‌र्घ्य दिया। हाथ जोड़कर महिलाओं ने मनोकामनाएं पूरी करने की दुआ की। व्रती महिलाओं ने घाटों पर वेदिका की पूजा की। उनको सिंदूर, प्रसाद, रोली, रक्षा चढ़ाया। व्रती महिलाओं ने एक दूजे को छठ पूजा की शुभकामनाएं दी, और अगली बरस छठी मइया से फिर खुशियां लेकर आने का वरदान मांगा।

यहां बनाए गए छठ पूजा के घाट

समितियों की तरफ से एमजेपीआरयू, रामगंगा घाट, धोपेश्वर नाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, राम जानकी मंदिर, छपरा कॉलोनी, सिद्धार्थ नगर कॉलोनी, शास्त्री नगर कॉलोनी और कृष्णा नगर कॉलोनी में घाट बनाए गए। संडे सुबह सूर्योदय से पहले ही व्रतियों की घाटों पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई।