बरेली (ब्यूरो)। सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले सेना के बर्खास्त जवान विक्की मंडल को कैंट पुलिस ने सैन्य क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपित के खिलाफ उत्तराखंड और कैंट थाने में कई मामले दर्ज हैं।

अग्नि वीर और एमईएस में नौकरी के नाम पर ठगी
उत्तराखंड के रानीखेत के रहने वाले विशाल देव ने विक्की मंडल के खिलाफ 25 अक्टूबर को कैंट थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। विक्की मंडल सेना का भगोड़ा जवान बताया जाता है। विशाल देव जून 2022 में भर्ती दफ्तर में सेना की भर्ती के लिए आया था। यहां उसकी विक्की से मुलाकात हुई। विक्की ने उसे मेडिकल परीक्षण में पास कराने के नाम पर कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपए लिए, लेकिन विशाल अपने दम पर मेडिकल परीक्षा में पास हो गया। वहीं विक्की मंडल ने कहा कि उसने उसे पास कराया है। इत्तेफाक से उ1त भर्ती परीक्षा रद्द हो गई।

दोबारा अग्निवीर में भर्ती के नाम पर ठगा
विक्की मंडल ने अग्निवीर की भर्ती निकलने पर विशाल से फिर संपर्क किया। आरोपी ने विशाल से कहा कि कुछ लडक़े और ले आओ। इस पर विशाल अपने पड़ोसी सौरभ देव, मनीष सिंह, विशाल और मोहन सिंह के साथ कैंट स्थित बीआई बाजार आ गया। यहां से विक्की मंडल सभी को मिलिट्री हॉस्पिटल के अंदर ले गया। उसने अपने साथी आनंद सिंह निवासी गोरखपुर से मुलाकात कराकर उसे अपना अधिकारी बताया। सभी को अग्निवीर सेना में भर्ती कराने के नाम पर साढ़े चार लाख रुपए और लिए।


तीसरी ठगी एमईएस में भर्ती के नाम पर की
विक्की ने सभी लोगों से दोबारा संपर्क किया और कहा कि अग्निवीर भर्ती में कुछ साल की नौकरी से जीवन नहीं कट पाएगा। उसने बताया कि मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस भारत सरकार (एमईएस) में भर्ती निकली है। यहां नौकरी 60 साल की उम्र तक रहेगी। इसमें भर्ती के लिए प्रति व्य1ित पांच लाख रुपए खर्च होंगे। आरोपी ने फिर बुलाकर सभी से कई लाख रुपए ठग लिए। आरोप है कि उसने कुल 11 लाख रुपए ठगे हैं। इसी मामले में कैंट पुलिस आरोपित विक्की मंडल को तलाश रही थी। ट्यूजडे की शाम को वह पुलिस की हत्थे चढ़ गया।


उत्तराखंड में 100 से ज्यादा से ठगी
पुलिस का कहना है कि विक्की मंडल उत्तराखंड के देहरादून में अग्निवीर सेना में भर्ती कराने के नाम पर करीब 100 लोगों को ठग चुका है। इस मामले में उत्तराखंड पुलिस भी उसे जेल भेज चुकी है। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने फिर से लोगों को दोबारा ठगना शुरू कर दिया।