-पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

BAREILLY: सुभाषनगर में महिला डॉक्टर और स्टाफ को गोली मारने की धमकी का मामला सामने आया है। डॉक्टर ने पुलिस बुलाकर आरोपी को गिरफ्तार करा दिया। वहीं आरोपी का कहना है कि डॉक्टर ने उनकी बहन का केस खराब कर दिया, जिसके सिलसिले में वह बात करने गया था लेकिन उसे झूठा फंसा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

डॉक्टर पर झूठा फंसाने की बात

डॉक्टर प्रीति वैश्य पत्‍‌नी डॉक्टर अजय वैश्य का बदायूं रोड पर स्वाति हॉस्पिटल है। उनका हॉस्पिटल में आवास है। प्रीति ने आरोप लगाया कि थर्सडे रात रिंकू कनौजिया उनके हॉस्पिटल में घुस आया और स्टाफ से झगड़ा करने लगा। उसने स्टाफ को गोली मारने की धमकी दी। वह उनके आवास में भी घुस आया और उन्हें व उनके बच्चों को गोली मारने की धमकी दी। वहीं आरोपी रिंकू कनौजिया प्रॉपर्टी डीलर है। उसने बताया कि उसकी बहन मीना पटेल, स्वाति हॉस्पिटल में एडमिट हुई थी। प्रेगनेंसी केस में बहन के टांके पक गए तो उसे दूसरे हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। वह तीन दिन से हॉस्पिटल में डॉक्टर के पास दूसरे हॉस्पिटल के इलाज का पैसा मांगने के लिए बातचीत करने गया था। एसओ सुभाषनगर जेपी यादव ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।