बरेली(ब्यूरो)। शहर में जरी-जरदोजी और हस्तशिल्प के हुनरमंद कारीगरों को सुविधाएं देने के लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत विकास भवन रोड पर 157.67 करोड़ रुपए की लागत से बरेली अर्बन हाट एंड हैंडीक्राफ्ट सेंटर बनाया जा रहा है। इस के साथ ही यहां आने वाले लोगों के मनोरंजन का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस के लिए हाट में फेरिस व्हील यानी झूला लगाया जा रहा है। फेरिस व्हील लगने के बाद बरेलियंस को अत्याधुनिक तकनीकी सुरक्षा के साथ मनोरंजन मिलेगा, साथ ही सेंटर से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

84 लोग झूले में बैठ सकेंगे
अर्बन हाट प्रोजेक्ट के अंतर्गत वल्र्ड क्लास 30 मीटर उंचा झूला लगाया जा रहा है, इस झूले में एक बार में 84 लोग बैठ सकेंगे। अर्बन हाट एंड क्राफ्ट सेंटर में यहां आने वाले लोगों व प्रदेश भर के प्रसिद्ध उत्पादों की देख रेख व खरीद सकेंगे। झूले में बैठ कर बरेलियंस बरेली शहर का विहंगम दृश्य देख सकेंगे।

157 करोड़ से तैयार
बरेली अर्बन हाट हैंडीक्राफ्ट सेंटर 157.67 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा है। इससे शहर में जरी-जरदोजी और हस्तशिल्प के हुनरमंद कारीगरों को सुविधाएं मिलेंगी। कारीगर नई तकनीक से लैस होंगे। अर्बन हाट के जरिए बरेली की जरी-जरदोजी और कारीगरों को बाजार मुहैया होगा। प्रदेश और देश के कारीगर एवं शिल्पकार स्थानीय हस्तकला कलाकृतियों की समृद्धि और अपने हुनर का प्रस्तुतीकरण भी कर सकेंगे।

फेरिस व्हील की डिटेल
हाइट 30 मीटर
कैपेसिटी 84 व्यक्ति

कमिश्नर ने दिए निर्देश
कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने 14 मार्च को स्मार्ट सिटी के अंतर्गत बरेली हॉट एंड हैंडीक्राफ्ट सेंटर (कॉम्प्लेक्स) के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया था, उन्होंने अधिकारियों को झूले (फेरिस व्हील) की सामग्री की अवशेष समस्त आपूर्ति कार्यस्थल पर जल्द करने के निर्देश दिए थे। साथ ही काम में तेजी लाने के भी निर्देश दिए थे।