सात नवंबर से चलाई जाएगी सभी रूटों में अतिरिक्त बसें

बरेली : दीपावली और छठ पूजा में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम इस बार बरेली रीजन में 100 से अधिक अतिरिक्त बसें संचालित करेगा। ये बसें दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ समेत अन्य मार्गों पर सात नवंबर से चलाई जाएंगी। यह सेवा छठ पूजा तक जारी रहेगी। बरेली परिक्षेत्र से लखनऊ, दिल्ली, कानपुर, आगरा, हल्द्वानी, टनकपुर, देहरादून, गोरखपुर के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा अन्य रूटों में जहां अधिक सवारियां होगी उस पर भी तत्काल बसों की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली रीजन एसके बनर्जी ने तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अनुबंधित बसों के फेरों में भी बढ़ोत्तरी किए जाने के निर्देश दिए हैं।

जल्द बेड़े में शामिल होंगी 30 बसें

क्षेत्रीय प्रबंधक के मुताबिक अनलॉक एक में यात्री कम होने के कारण रोडवेज की 100 से अधिक बसों को सरेंडर कर दिया गया था। अब पहले की तुलना में यात्रियों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में मुख्यालय को पत्र भेजकर 30 बसों को रोडवेज के बेड़े में शामिल कराने की मांग की गई है। बजट आने पर बसों के टैक्स जाम कर उन्हें बेड़े में शामिल कर लिया जाएगा।

इन गाइडलाइनों का करना होगा पालन

- यात्रा के दौरान मास्क का इस्तेमाल करना होगा। निरीक्षण के दौरान चालक-परिचालक को भी मास्क लगाए होना अनिवार्य होगा।

- किसी भी अधिकारी, पर्यवेक्षक और चालक-परिचालक को इस दौरान छुट्टी नहीं दिया जाए। विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश दिया जाए।

आगामी त्योहारों को देखते हुए यात्रियों को कोई दिक्कत न हो इस लिहाज से बरेली परिक्षेत्र में 100 अतिरिक्त बसें बढ़ाई जाएंगी। इन बसों का संचालन सात नवंबर से शुरू किया जाएगा।

- एसके बनर्जी, क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली रीजन