- प्रत्येक स्कूल से 25 किसान होंगे प्रशिक्षित, अचीवर काश्तकार को जिम्मेदारी

- एक स्कूल पर सरकार खर्च करेगी 29 हजार रुपये, तेजी से हो प्रशिक्षण की तैयारियां

BAREILLY:

किसानों की आय दोगुनी और किसानी के उन्नत तकनीकी से अवगत कराने के लिए सरकार ने फार्म स्कूल खोलने का फैसला लिया है। जहां किसानों को खेती की तकनीकी ज्ञान देने के बाद उसी अनुसार खेती किए जाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। भारत और प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों सर्वे कराया था। जिसमें कृषि विशेषज्ञों ने पाया कि आधुनिक तकनीकी के बाद आज भी 91 परसेंट किसान परंपरागत खेती कर रहे हैं।

नौ परसेंट किसान आधुनिक

सर्वे में केवल नौ परसेंट किसान ही पारंपरिक और आधुनिक तकनीकी का प्रयोग कर हैं। जिससे उत्पादन बढ़ा तो रकम भी बढ़ गई। सर्वे रिपोर्ट पर भारत सरकार ने हर ब्लॉक में एक फार्म स्कूल खोलने का निर्णय लिया। बरेली में 15 फार्म स्कूल खुलेंगे। जिसमें मान्यता प्राप्त कृषि कॉलेज से खेती की विधियों के जानकार को अचीवर कास्तकार बनाया जाएगा। यह अग्रणी किसान अन्य 25 किसानों को प्रशिक्षण देंगे। एक माह तक यह प्रशिक्षण फसलवार चलेगा। उसके बाद यही किसान दूसरे किसानों को जाकर प्रशिक्षण देंगे। इसका खर्च सरकार वहन करेगी। खाद, बीज, कीटनाशक सब कुछ आधी कीमतों पर मिलेगा। फार्म स्कूल पर 29 हजार रुपये खर्च करने की योजना है।