-सिटी में लेडी क्रिमिनल्स दे रहीं वारदातों को अंजाम

-20 दिन में पकड़ी गई दो लेडी क्रिमिनल्स

केस 1 - बारादरी पुलिस ने नर्स मिथलेश को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया। मिथिलेश अपने साथियों के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम दे रही थी। यही नहीं आने वाले दिनों में वह खुद गैंग की सरगना बनने की तैयारी में थी।

केस 2- किला में स्कूटी सवार चांदनी को रंगे हाथ पब्लिक ने चोरी करते हुए पकड़ा था। युवती मार्निग वॉक पर निकले पुरुषों के घरों में प्रवेश कर माल साफ कर देती थी। वह कई घरों को निशाना बना चुकी थी।

केस 3- बारादरी के सुरेश शर्मा नगर में भी पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया था। इस महिला ने भीख मांगने के बहाने सिर्फ 500 रुपए में रेकी की थी, जिसके बाद उसके साथियों ने मिलकर लूट और डबल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया था।

BAREILLY: उनकी भोली से दिखने वाली सूरत पर न जाना, क्योंकि वो जो दिखती हैं वो होती नहीं हैं। वो चोरी करती हैं, वो लूट में भी शामिल होती हैं और किसी को भनक भी नहीं लगती है। सिटी में ऐसी ही लेडी क्रिमिनल्स ने दस्तक दे रखी है। ऐसे में लेडी क्रिमिनल्स से जरा बचकर ही रहें।

घरेलू हिंसा में आता था नाम

अभी तक महिलाओं का दहेज के लिए बहू को जलाकर मार देना, प्रेमी के साथ मिलकर पति को ठिकाने लगा देना या अन्य किसी घरेलू अपराध में नाम आता था, लेकिन अब ट्रेंड बदलता जा रहा है। चोरी व लूट जैसी वारदातों में भी महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। पिछले करीब 20 दिनों में ही दो युवतियों को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक खुद चोरी करने जाती थी तो दूसरी अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देती थीं।

कई बैक में रहकर करती हैं काम

इन दो लेडी क्रिमिनल्स के अलावा भी महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कई महिलाएं सीधे-सीधे चोरी की वारदात से जुड़ी हुई हैं तो कई बैक में रहकर वारदातों को अंजाम दे रही हैं। कई महिलाएं रेकी का काम भी कर रही हैं। बड़े केसेस में महिलाएं पुलिस की गिरफ्त में आ गई, लेकिन कई ऐसी भी हैं जो पुलिस से दूर हैं। पब्लिक भी इनसे बेखबर है, क्योंकि महिला होने और भोली सूरत बना लेने से इन पर कोई शक भी नहीं करता है।