(बरेली ब्यूरो)। कमिश्नरी सभागार में वेडनसडे को स्मार्ट सिटी बोर्ड आफ डायरेक्ट की बैठक हुई। जिसमें अफसरों ने सडक़ों का जाल बिछाने के साथ ही हरियाली का भी ख्याल रखने की बात कही। तय हुआ कि शहर में सडक़ों के चौड़ीकरण के साथ ही पौधरोपण भी किया जाएगा। ताकि शहर को हरा भरा रखा जा सके।

सडक़ों पर रहे हरियाली
स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने कहा कि परियोजना के कार्यों में तेजी आई है लेकिन अभी और गति बढ़ाने की जरूरत है। निर्माण कार्यों को बरसात से पहले पूरा कराना जरूरी है। सडक़ के किनारे मानक के अनुसार पौधे भी लगाए जाने चाहिए। इससे जहां शहर को रफ्तार मिलेगी, वहीं सांसों पर भी संकट नहीं आएगा। उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलकर शहर में सडक़ों के निर्माण के साथ ही हरियाली बनाए रखने पर मंथन किया। लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कहा कि सडक़ों के किनारे मानक के अनुसार पौधारोपण भी कराया जाए। सडक़ निर्माण में निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जल निकासी के प्रबंध भी करने को कहा। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने स्मार्ट सिटी परियोजना की उद्यान इकाई को सक्रिय कर पौधारोपण की विशेष जरूरत बताई। बोले, सडक़ आदि के निर्माण में जहां भी जगह बची है, वहां अभियान चलाकर पौधे लगाए जाएं। इससे निर्माण के साथ ही हरियाली का अनुपात भी बना रहेगा। उन्होंने नगर निगम के पार्कों में औषधीय पौधे लगाने को कहा।

बढ़ाई गई चुकता पूंजी
बरेली स्मार्ट सिटी लिमिटेड के निदेशक मंडल द्वारा चुकता पूंजी को 50 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 372 करोड़ रुपए किए जाने का प्रस्ताव अधिकारियों के सामने रखा गया। इस प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की गई। बरेली स्मार्ट सिटी लिमिटेड के वित्तीय वर्ष 2019-20 की डायरेक्टर रिपोर्ट को भी स्वीकृत प्रदान की गई। स्मार्ट सिटी कंपनी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर आयुक्त अभिषेक आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


80 परसेंट पेड दूसरी जगह पल्लवित
दैनिक जागरण आई नेक्स्ट जिले में हरियाली बचाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। जागरण आई नेक्स्ट के प्रयास से ही लालफाटक रोड पर वर्षों पुराने 44 पेड़ों को काटने से बचाया गया था। सेतु निगम ने दिल्ली से विशेषज्ञ बुलाकर सभी पेड़ों को दूसरी जगह ट्रांसलोकेट कराया। उनमें से 80 फीसद पेड़ दोबारा दूसरी जगह पर पल्लवित हो गए। उसके बाद भी लगातार जागरण लोगों को पेड़ों की महत्ता के बारे में जानकारी दे रहा है। कुछ समय से शहर में समाजसेवी संस्था जागर भी पेड़ों को बचाने के लिए अभियान चला रही है। इसके सचिव डा। प्रदीप कुमार लगातार अभियान चलाए हुए हैं।

661 पेड़ ट्रांसलोकेट
शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत सडक़ों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। चौड़ीकरण के लिए शुरू में कुछ पेड़ों को कटवा दिया गया। वन विभाग के रिकार्ड के हिसाब से उन्होंने शहर से 661 पेड़ों को ट्रांसलोकेट किया। इसके साथ ही 28 पेड़ों का कटान भी किया। हालांकि जागर संस्था के सचिव ने वन विभाग से मांगी सूचना में बिना ट्रांसलोकेटर मशीन के पेड़ों को शिफ्ट किए जाने की बात पर हैरानी जताई है। उन्होंने दोबारा अपील की है।