बरेलीे(ब्यूरो)। शहर के रेलवे जंक्शन पर रोज हजारों यत्रियों का आना-जाना होता है। रेलवे अधिकारियों का दावा है कि यहां पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लेकिन, दैनिक जागरण आईनेक्ट्स की टीम ने मौके पर जाकर देखा तो हकीकत कुछ और ही बयां कर रही थी। भीषण गर्मी में भी प्लेटफॉर्म नंबर एक पर यात्रियों को राहत के नाम पर कुछ भी नहीं था। ऊपर लटक रहे पंखे मानो पैसेंजर्स का मुंह चिढ़ा रहे थे। इसके चलते
ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को ट्रेन आने तक का समय पसीना-पसीना होकर बिताना पड़ा।

गर्मी से बच्चों व महिलाओं का बुरा हाल
जून में स्कूल्स की छुट्टियों के चलते अक्सर लोग घूमने के लिए निकलते हैं। ऐसे में स्टेशन्स भीड़ अधिक होना लाजमी है। संडे को भी जंक्शन पर खासी भीड़ थी। एक तो कड़ाके की गर्मी, उस पर वहां मौजूद भीड़ के कारण सफोकेशन का माहौल पैदा हो गया था। ऐसे में पंखों का न होना लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रहा था। इस स्थिति में प्लेटफॉर्म पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पैसेंजर्स के लिए बहुत भारी पड़ रहा था। एक ओर जहां बड़ों की स्थिति खराब थी, वहीं बच्चों का तो और भी बुरा हाल था। गर्मी के कारण परेशान बच्चों के रोने की आवाजें प्लेटफॉर्म पर गूंज रही थीं। उन्हें संभालने में उनकी मांओं को काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। एक ओर गर्मी का सितम, उस पर बच्चों का रोना, यह सब उनके लिए सिरदर्द बना हुआ था।


जिम्मेदारों की लापरवाही
जंक्शन के हालात देख कर लग रहा था, जैसे पब्लिक को दी जाने वाली सुविधाओं से उन्हें कोई सरोकार ही न हो। यहां पर चाइल्ड लाइन हो या पुलिस इसलिए तैनात किए गए हैं, ताकि किसी को परेशानी होने पर उसका समाधान आसानी से किया जा सके। लेकिन, जंक्शन पर महिला हेल्प सेंटर से स्टाफ ही गायब था। पास में ही बने चाइल्ड लाइन पर भी कोई स्टाफ मौजूद नहीं था।

यात्रियों की बात
यहां पर कहीं पंखे चल रहे हैं तो कहीं बंद पढ़े हैं। ऐसे में गर्मी से बुरा हाल हो गया है। इतनी गर्मी होने के बाद भी रेलवे पंखा सही नहीं करवा पा रहा है। इसकी जिम्मेदारी यहां मौजूद अधिकारियों की है।
सुभाष, यात्री

कई घंटो से ट्रेन का वेट कर रहे हैं पंखे खराब हैं। गर्मी में पंखे न होना परेशानी पैदा कर रहा है। व्यवस्था खराब है। जगह-जगह गंदगी है। लोग यहां-वहां पानी गिरा रहे हैं। समय पर सफाई भी नहीं करवाई जा रहीे है।
विवेक, यात्री


वर्जन :
जंक्शन पर सारी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। कभी-कभी फॉल्ट आ जाते हैं। जो पंखे खराब हैं, उनको जल्द ही ठीक करवाया जाएगा। पैसेंजर्स को परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान हमारी ओर से रखा जाता है।
सत्यवीर सिंह, स्टेशन मैनेजर

महिला हेल्प डेस्क में हमेशा ही स्टाफ मौजूद रहता है। गर्मी की वजह से लोग इधर- उधर बैठे हुए हैं। पूरा स्टाफ मौजूद रहता है। वहीं बात करें चाइल्ड लाइन की तो वहां भी स्टाफ मौजूद रहता है। आज भी था, लेकिन किसी काम की वजह से नहीं होगीं।
जेआरपीएफ, एसएचओ ध्रुव कुमार