- भोर से शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा

- रुद्राभिषेक, जलाभिषेक और महाश्रृंगार के लिए लगी रही लंबी लाइन

BAREILLY:

हर-हर महादेव, बम-बम भोले। शिव मंदिरों से लेकर शहर की हर गली महाशिवरात्रि पर भक्तों के जयकारों से शिवमय हो उठी। शिव बारात और शोभायात्रा में अनुपम छटा बिखेरती झांकियां निकाली गईं। भजन व संकीर्तन मंडली के भजनों से मंदिर शिवमय रंग बिखेर रहे थे। महाआरती पर घंटों की मधुरिम आवाज कानों में रस घोल रही थी। चहुंओर बस बम-बम लहरी की गूंज ही सुनाई दे रही थी। महाशिवरात्रि पर शिवभक्त पट खुलने से पहले ही मंदिर पहुचं गए थे। रात डेढ़ बजे पट खुलने से शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।

मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

वनखण्डी नाथ, पशुपतिनाथ, धोपेश्वरनाथ, तपेश्वरनाथ, मढ़ीनाथ, अलखनाथ, त्रिवटीनाथ जैसे प्रमुख शिव मंदिरों में शिवभक्त सुबह से ही भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए पहुंचने लगे। पूजा की थाली में जल, पुष्प, बेल पत्र, रोली, रक्षा, बेर, दीपक और भांग सजाए हुए भक्त नंगे पांव ही घर से मंदिर की तरफ चल पड़े। शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में भक्तों की लंबी लाइन लगी हुई थी। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी भगवान शिव की एक झलक पाने के लिए लालायित दिखे। मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक किया।

चलती रही नाथ नगरी

महाआरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति की नाथ नगरी परिक्रमा सेठ गिरधारी लाल मंदिर से प्रारम्भ होकर वनखण्डीनाथ मंदिर से होते हुए त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंची। जहां महाआरती और भक्तों के बीच प्रसाद वितरण हुआ। श्री महाआरती महोत्सव आयोजन सेवा समिति ने शिव मंदिर में महाआरती की। श्री शिव शक्ति प्रदोष महामंडल प्रबंध समिति ने शिव बारात निकाली। प्रेमनगर कुष्ठ आश्रम द्वारा अखंड रामायण पाठ का आयोजन हुआ। शोभायात्रा में ठंडई और भांग में मदमस्त नाचते-गाते शिव बारातियों का भक्तों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

मंहगी हो गई थाल

मंदिर के सामने पूजा सामग्री की सजी दुकानों के भाव भी बढ़ गए थे। भक्तों की भीड़ को देखते हुए दुकानदारों ने पुष्प, भांग, दीपक, बेर और बेल पत्र के भाव बढ़ा दिए। तीन पत्तों वाले बेल पत्र दो से तीन रुपए तक में बिके। मंदिरों के बाहर लगे मेले में शिव भक्तों ने महादेव के दर्शन करने के बाद दुकानों पर चटखारे लगाए। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स शिव मंदिरों पर तैनात रही। पुलिस प्रशासन की ओर से महिला और पुरुष पुलिसकर्मी लगाए गए थे। वहीं मंदिर कमेटी ने भक्तों की सुविधा के लिए वॉलंटियर्स लगा रखे थे। मंदिरों में पैकेट में दूध लाने पर पाबंदी के बावजूद तमाम भक्त शिवलिंग पर दूग्धाभिषेक करने के बाद खाली पैकेट आसपास ही फेंकते दिखाई दिए।