नगर निगम के वाहन चालकों ने फ्यूल वेरिफिकेशन पर कर दी हड़ताल

42 डलावघरों से नहीं उठाया जा सका कूड़ा, सस्पेंड होंगे दोषी कर्मचारी

BAREILLY: नगर निगम में डीजल खपत फर्जीवाड़े की जड़ें इतनी गहरी पैठ बना चुकी हैं कि इन्हें हटाने में आला अधिकारी भी बेबस साबित हो रहे हैं। निगम के इस तेल के खेल में गैराज के सभी वाहन चालक भी शामिल हैं। मंडे को वाहनों चालकों ने खुलकर इसकी बानगी भी दिखा दी। निगम के कूड़ा उठाने वाले वाहनों और इनमें रोजाना खपत होने वाले डीजल की मॉनीटरिंग की कवायद शुरू भी न हुई कि इसके खिलाफ निगम के वाहन चालक मंडे को लामबंद हो गए। वाहन चालकों ने काम काज ठप कर हड़ताल कर दी। इससे शहर के एक भी डलावघर से कूड़ा न उठने पर लाखों लोग गंदगी से परेशान रहे।

नगर आयुक्त ने दिया अल्टीमेटम

निगम के वाहनों में डीजल की सप्लाई और खपत के साथ ही उनकी वर्किंग का भी रिकार्ड बनाया जा रहा है। इसी के चलते नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव ने वाहन और डीजल सप्लाई की मॉनीटरिंग की कवायद शुरू की। वाहन चालकों के हड़ताल कर कूड़ा न उठाने से नाराज नगर आयुक्त ने 24 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया है। अल्टीमेटम खत्म होने तक काम पर वापस न लौटने वाले वाहन चालक सस्पेंड कर दिए जाएंगे। वहीं आउटसोर्सिग से रखे गए कर्मचारियों से कूड़ा उठाने वाले वाहन चलाने का काम लिया जाएगा।

400 मीट्रिक टन कूड़ा रोजाना

शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन ये पहले रोजाना करीब 325 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता था। लेकिन डोर टू डोर शुरू होने के बाद शहर से रोजाना करीब 400 मीट्रिक टन ठोस कूड़ा निकलने लगा। इतनी भारी मात्रा में निकलने वाले कूड़े को बाकरगंज ट्रेचिंग ग्राउंड तक ले जाने से पहले शहर के 42 डलावघरों में कलेक्ट किया जाता है। वाहन चालकों की हड़ताल के चलते मंडे को पूरे शहर के डलावघरों के बाहर सड़क तक कूड़ा इकट्ठा हो गया। इससे लोगों को बहुत परेशानी हुई। लोगों ने निगम में कॉल कर गंदगी उठाने की अपील की, लेकिन समस्या हल हो सकी।

सवा लाख रोजाना खर्च

नगर निगम के 4 गैराज स्टोर में कूड़ा उठाने वाले करीब 108 वाहन है। इनमें बुलडोजर, छोटी चेन मशीन, नाला सफाई की मशीन और कूड़ा उठाने वाली ट्रक, ट्रालियां व अन्य वाहन शामिल हैं। निगम इन वाहनों पर रोजाना दो हजार लीटर से ज्यादा डीजल खर्च करता है। जिस पर करीब सवा दो लाख रुपए रोजाना खर्च होता है। 2014 में निगम के कूड़ा उठाने वाले वाहनों में डीजल चोरी का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ था। तेल के खेल के पीछे ही इसी साल एक कार्यवाहक सफाईनायक की हत्या भी कर दी गई।

फीगर स्पीक

- 4 गैराज स्टोर है निगम के

- 108 वाहन हैं शामिल

- 2 हजार लीटर रोजाना खर्च

-------------------------

वाहन चालकों ने डीजल वेरिफिकेशन न कराने के लिए हड़ताल कर दी है। शहर के डलावघरों से कूड़ा न उठाया जा सका। वाहन चालकों को अल्टीमेटम जारी कर दिया गया है। शहर में जल्द ही कूड़ा उठने लगेगा।

- शीलधर सिंह यादव, नगर आयुक्त