शील मैटरनिटी एंड सर्जिकल नर्सिग होम का मामला

देरी से आई डॉक्टर हुईं बेहोश, परिजनों ने किया हंगामा

BAREILLY:

शहर के एक निजी हॉस्पिटल में नर्स के सीजर ऑपरेशन कर डिलीवरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रसूता को लेबर पेन हुआ, तो डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं थीं। लिहाजा, नर्स ही डॉक्टर बन गई और ऑपरेशन कर दिया। डिलीवरी तो हो गई, लेकिन नवजात के मृत पैदा होने से मामला उल्टा पड़ गया। प्रसूता ने हॉस्पिटल के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। इससे पहले महिला के परिजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कराया।

9 माह के गर्भ से थी प्रसूता

बदायूं के ब्रह्मापुरा निवासी रिजवान की बीवी रेहाना का मायका बरेली के वजीरगंज में है। रेहाना 9 महीने के गर्भ से थी और उसका मठ की चौकी स्थित शील मैटरनिटी एंड सर्जिकल नर्सिंग होम से इलाज चल रहा था। संडे रात परिजन पेट में दर्द उठने पर उसे रात 11 बजे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। रेहाना के बहनोई का आरोप है कि रात 1 बजे के करीब ऑपरेशन के लिए डॉक्टर मोनिका महेश्वरी को कॉल किया गया, लेकिन डॉक्टर रात भर न आई। सुबह 5 बजे के बाद डॉक्टर पहुंची।

खुद बेहोश हो गई डॉक्टर

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर मोनिका माहेश्वरी समय रहते नहीं पहुंची तो रेहाना की हालत बिगड़ने लगी। लिहाजा, स्टाफ नर्स सुषमा और लाजो ने कंपाउंडर की मदद से उसकी डिलीवरी करा दी। डिलिवरी में बच्चा मृत था और उसका शरीर विकृत हालत में था। सुबह पहुंची डॉ। मोनिका ने बच्चे को देखा तो वह बेहोश हो गई और प्रसूता के ऊपर ही गिर गई। जिससे प्रसूता को हल्की चोट भी आई। परिजनों का आरोप है कि हॉस्पिटल के खिलाफ हंगामा करने पर उल्टा पुलिस ने ही उन पर समझौते के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।

-

प्रसूता का पहले भी हॉस्पिटल में ऑपरेशन से एक बच्चा हो चुका है। परिजनों को 18 सितंबर को ऑपरेशन के लिए बुलाया गया था। लेकिन वे 20 की रात आए और नॉर्मल डिलीवरी के लिए इंतजार करते रहे। इलाज में किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं बरती गई। डॉक्टर ने ही सर्जरी से डिलीवरी कराई थी। - डॉ। एनके गुप्ता, हॉस्पिटल संचालक