-मुख्य चौराहों पर लगता है जाम, फोटो एल्बम को बीडीए, नगर निगम के सामने रखा जाएगा

बरेली : शहर में जाम की समस्या आम हो गई है। शहर के कई चौराहों पर दिनभर जाम की समस्या बनी रहती है। ऑटो, ई रिक्शा और अन्य सवारी वाहन मनमर्जी से कहीं भी सवारियां बैठाते हैं। इसके लिए पुलिस ने कार्य योजना तैयार की है। जाम की समस्या के स्थाई समाधान के लिए पुलिस शहर की विभिन्न जगहों से फोटो खींचकर एल्बम तैयार कर रही है। फोटो के नीचे समस्या लिखी जा रही है। एल्बम तैयार होने के बाद एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार वाजपेयी इसे अधिकारियों के समक्ष रखेंगे। इसके बाद नगर निगम, बीडीए या अन्य संस्थाओं की मदद से समस्या का समाधान किया जाएगा।

यहां लगता है सबसे अधिक जाम

शहर में सेटेलाइट, मिनी बाईपास, डेलापीर, कुतुबखाना, चौपुला चौराहा, सिविल लाइंस, नॉवल्टी चौराहा, अस्पताल रोड, श्यामगंज, शहदाना, गांधी उद्यान समेत कुछ अन्य स्थानों पर जाम की समस्या आम है। हर स्थान पर जाम लगने की अलग-अलग वजहें हैं। इन सभी स्थानों के फोटो खींचे जा रहे हैं।

इस तरह से खड़े होंगे ऑटो

शहर में ऑटो स्टैंड न होने से ऑटो बेतरतीब ढंग से चौराहे पर खड़े होकर सवारियां भरते हैं। इसकी वजह से जाम लग जाता है। इसके समाधान के लिए सभी प्रमुख स्थानों पर रोड के किनारे लोहे के एंगल लगवाकर नंबर से ऑटो खड़े कराए जाएंगे। नियम तोड़ने वाले पर कार्रवाई होगी।

शहर में जाम की समस्या की फोटो अलबम तैयार की जा रही है। इसके माध्यम से अधिकारियों के सामने समस्या रखकर उसका समाधान निकाला जाएगा.''

-संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी ट्रैफिक