-हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद चल रहे थे हुक्का वार

-पुलिस ने दोनों जगहों से 5 लोगों को किया गिरफ्तार

बरेली- बरेली में हाईकोर्ट की रोक के बावजूद हुक्का बार चल रहे हैं। पब्लिक लगातार पुलिस से इसकी शिकायत कर रही थी। संडे को प्रेमनगर पुलिस ने डीडीपुरम एरिया में चल रहे दो हुक्का बार पर छापा मार दिया। यहां पर अंदर लोग हुक्का पी रहे थे। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों हुक्का बार में पुलिस पहले भी छापा मार चुकी है लेकिन हुक्का बार संचालक मानने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में हुक्का बार संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कार्रवाई की जाएगी।

अक्सर होती है खानापूर्ति

बता दें कि हाईकोर्ट ने एक सितंबर को उत्तर प्रदेश में किसी भी तरह के हुक्का बार संचालित करने पर पूरी तरह से रोक लगाने का आदेश दिया था। जिसके बाद शासन ने भी हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे। बरेली में कई थाना एरिया में चोरी छिपे हुक्का बार चल रहे हैं लेकिन अक्सर पुलिस खानापूर्ति कर देती है, जिसके चलते इन पर रोक नहीं लग पा रही थी। एसएचओ प्रेमनगर बलवीर सिंह बग्गा ने बताया कि डीडीपुरम स्थित ग्रीन चिली रेस्टोरेंट में हुक्का बार चल रहा था। यहां से वेटर शानू निवासी नई बस्ती माधोवाड़ी, कुक सौरभ निवासी संजय नगर को पकड़ा गया। ग्रीन चिली रेस्टोरेंट का संचालक मुनीर अहमद है और इसका मालिक फरमान निवासी शाहबाद है।

रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का वार

इसके अलावा पुलिस ने एसएसडी प्लाजा में ब्लू बेरी रेस्टोरेंट में चल रहे हुक्का बार पर छापा मारकर 3 लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने यहां से वेटर अमित भारती निवासी डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल कैंपस, वेटर शकील निवासी मुंशी नगर और मैनेजर गंगा प्रसाद निवासी हारुनगला को पकड़ा है। अमित भारती के चाचा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में वार्ड ब्वॉय हैं। गंगा प्रसाद ने दो दिन पहले ही मैनेजर का काम संभाला था। ब्लू बेरी रेस्टोरेंट का संचालक अक्षय कुमार है। इन हुक्का बार को रेस्टोरेंट की आड़ में चलाया जा रहा था। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अन्य जगहों पर भी छापेमारी की जा रही है ।

इससे पहले कार्रवाई

9 जुलाई 2020 को प्रेमनगर पुलिस ने इससे पहले एसएसडी प्लॉजा में ब्लू बेरी रेस्टोरेंट में चल रहे हुक्का बार को पकड़ा था लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी। 24 दिसंबर 2019 को प्रेमनगर पुलिस ने एसएसडी प्लॉजा के ब्लू बेरी रेस्टोरेंट में चल रहे ब्लू बेरी रेस्टोरेंट पर हुक्का बार पकड़ा था, मौके से 4 लोग पकड़े गए थे। इसके अलावा सेलेक्शन प्वाइंट में बेकप बार में छापा मारा गया था