बरेली (ब्यूरो)। डिस्ट्रिक्ट में स्मैक व अफीम तस्करी का धंधा खूब फल-फूल रहा है। यह हालात तब हैं, जब पुलिस तस्करों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। एक वर्ष में पुलिस 300 से ज्यादा स्मैक तस्करों और 100 से ज्यादा अफीम तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके साथ ही तस्करों की 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति भी फ्रीज की जा चुकी है। इसके बाद भी स्मैक व अफीम तस्करों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार की रात भी देवरनिया थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान थाना फतेहगंज पूर्वी के एक तस्कर को स्मैक क साथ अरेस्ट किया।

270 ग्राम स्मैक के साथ एक दबोचा
फ्राइडे की रात देवरनिया थाना पुलिस गांव सेमीखेड़ा स्थित रेलवे फाटक पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान टीम ने उधर से गुजरे एक बाइक सवार को रोका तो उसने भागने का प्रयास किया। लेकिन, पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसने अपना नाम कल्लू शाह पुत्र शौकीन शाह निवासी गांव पढेरा थाना फतेहगंज पूर्वी व हाल निवासी उदयपुर, थाना भोजीपुरा बताया। तलाशी में उसके पास से 270 ग्राम स्मैक व 900 रुपए बरामद हुए। उसने बताया कि वह गांव पढेरा निवासी रियाज उर्फ बाबू पुत्र सरताज खां और फतेहगंज पश्चिमी के गांव सोरहा निवासी मुजीब पुत्र लियाकत से स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस ने उन दोनों को भी नामजद कर लिया। दोनों अभियुक्त अभी फरार है।

बीते एक वर्ष में हुई कार्रवाई
पिछले एक वर्ष में पुलिस जनपद में करीब 300 स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके अलावा 100 अफीम तस्कर भी अरेस्ट किए जा चुके हैं। साथ ही कई स्मैक तस्करों की करोड़ों की संपत्ति भी सीज की जा चुकी है। इसमें फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव पढ़ेरा निवासी स्मैक तस्कर पूर्व प्रधान शाहिद खां की 50 करोड़ की संपत्ति सीज की थी। इसके अलावा फतेहगंज पश्चिमी के स्मैक तस्कर रिफाकत की बीती आठ मार्च को साढ़े आठ करोड़ रुपए की संपत्ति सीज की गई थी। इसके अलावा पुलिस पूरे जिले में करीब 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति सीज कर चुकी है। इसके बाद भी जिले में स्मैक तस्करी का धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है।

फैक्ट एंड फिगर
270 ग्राम स्मैक के साथ एक पकड़ा
02 अभियुक्त फरार
100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति एक वर्ष में की गई फ्रीज
100 से ज्यादा अफीम तस्कर एक वर्ष में गिरफ्तार
300 से ज्यादा स्मैक तस्कर भेजे जेल

गिरफ्तार हो चुके स्मैक तस्कर
शाहिद खां, पढ़ेरा थाना फरीदपुर
रिफाकत, फतेहगंज पश्चिमी
फैजान उर्फ राजा, फतेहगंज पश्चिमी
हनीफ अंसारी, वार्ड-8, बिसारतगंज
कल्लू शाह उर्फ कटरी और फुरकान अली, वार्ड-15, भोलेनगर सराय, थाना फतेहगंज पश्चिमी
अकील निवासी पढ़ेरा, फतेहगंज पूर्वी
नदीम उर्फ राजू चौखटा, फतेहगंज पश्चिमी
नन्हे लंगड़ा, फतेहगंज पश्चिमी