- नालियों से ओवरफ्लो हो रहा गंदा पानी पूरे क्षेत्र में फैला रहा है गंदगी

BAREILLY:

शहर का पॉश एरिया होने के बाद भी राजेंद्र नगर में गंदगी का ढेर लगा रहता है। चौक-चौराहों से लेकर गलियां तक में गंदगी फैली हुई है। ऊपर से नालियों से पानी ओवरफ्लो होकर गंदगी को अच्छे भले एरिया को भी दूषित व नरकीय बना रही है। ऐसा नहीं है कि इस बात की शिकायत स्थानीय लोगों ने नगर निगम अधिकारियों से नहीं करी, लेकिन शिकायत सुनने के बाद भी समस्याओं को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

चोक नालियों से बड़ी मुसीबत

राजेंद्र नगर के मेन रोड को छोड़ दें तो बाकी रास्तों का हाल बहुत बुरा है। खासकर गलियों से होकर अपने घर पहुंचने वाले लोगों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चोक नालियों के चलते हर समय रोड पर गंदा पानी बहता है।

नालियों की साफ-सफाई के लिए नालियों के ऊपर लगे सिमेंटेड कवर भी टूट चुके हैं। जिसके चलते हर वक्त एक्सीडेंट का भी खतरा बना रहता है।

हर जगह है गंदगी का ढेर

इतना ही नहीं बीच चौराहे पर ही घरों से निकलने वाला कूड़ा पड़ा रहता है। दिन-रात अधिकारी उसी रास्ते से होकर गुजरते है, लेकिन चौराहों से कूड़ा क्यों नहीं उठ रहा है इस बात का जिम्मेदारों को होश नहीं है। चौराहों और गालियों में कूड़ा पड़ा रहता है। जिसे मवेशी इधर-उधर फैला देते हैं।

गंदगी की वजह एरिया में रहना मुश्किल होता जा रहा है। जबकि शहर का यह एरिया सबसे अच्छा माना जाता है। फिर भी अधिकारी साफ-सफाई को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।

रिशिता सक्सेना, स्थानीय निवासी

बरेली स्मार्ट सिटी की क्लास में है, लेकिन नगर निगम स्मार्ट सिटी योजना पर पानी फेरने में लगा हुआ है। जब मोहल्ले का ऐसा हाल है तो शहर कैसे स्मार्ट बनेगा।

विशेष कुमार, स्थानीय निवासी

सभी को एक साथ मिल कर शहर को स्वच्छ बनाने की पहल करनी होगी। नगर निगम डोर टू डोर कूड़ा उठाने की मुहिम तो चला रही है। लेकिन, कई क्षेत्र में अब भी कूड़ा सही ढंग से नहीं उठ रहा है।

हर्ष ग्रोवर, स्थानीय निवासी

टूटी सड़कों और चोक नालियों को सही किए जाने को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गयी, लेकिन अधिकारियों की ओर से कोई पहल नहीं की जा रही है।

वेद प्रकाश शर्मा, स्थानीय निवासी