इस बार रमजान में सऊदी जाने के लिए वीजा की अविध बढ़ी

15 दिन की बजाय अब एक महीना की गई वीजा की अवधि

>BAREILLY: आमतौर पर ज्यादातर लोग हज के लिए मक्का-मदीना जाते हैं, लेकिन रमजान और ईद भी वहां करने वालों की संख्या में कमी नहीं है। हालांकि वीजा की अवधि कम होने के कारण बहुत से लोग चाह कर भी रमजान के बाद ईद मक्का-मदीना में नहीं कर पाते थे, लेकिन अब सऊदी सरकार ने रमजान के दिनों में वीजा की अविध 15 दिनों से बढ़ाकर एक महीना कर दी है। इसलिए आप मदीना में रोजा रख सकते हैं और मक्का में ईद मना सकते हैं।

करीब 250 लोग जा रहे सऊदी

इस बार रमजान के दिनों में बरेली से मक्का-मदीना में करीब 250 लोग जा रहे हैं। वहां जाने वाले लोग अब दोनों पर्व मना सकेंगे। दरअसल, सऊदी अरब सरकार ने रमजान के दिनों जायरीन को जो वीजा जारी करता था। उसकी वैधता केवल 15 दिनों की होती थी। ऐसे में मक्का-मदीना में रमजान और फिर ईद करने की इच्छा रखने वालों लोगों को मायूसी हाथ लगती थी। लोग या तो रमजान वहां कर पाते थे या फिर ईद, लेकिन अब वीजा की अवधि 15 दिनों से बढ़ाकर एक महीने की होने के कारण मक्का-मदीना जाने वाले जायरीन दोनों पर्व वहां कर सकेंगे।

महंगी हुई इस बार यात्रा

बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक पम्मी खां वारसी ने बताया कि रमजान शरीफ में मक्का-मदीना जाने के लिए आगामी दो जून को लखनऊ से जायरीन की पहली फ्लाइट जद्दा के लिए उड़ेगी। इस बार जायरीन की यात्रा पिछले वर्ष के मुकाबले थोड़ा महंगी हुई है। पिछली बार 15 से 20 दिनों की यात्रा के दौरान एक व्यक्ति का करीब 75 हजार रुपए खर्च आते थे, लेकिन इस बार इसमें करीब 15 हजार के इजाफे के साथ 90 हजार हो गई है।

29 मई को महफिल-ए-हज

आगामी 29 मई को फरीदपुर में महफिल-ए-हज का आयोजन किया जा रहा है। इसमें तमाम लोग शिरकत करेंगे। महफिल-ए-हज में बरेली हज सेवा समिति के अध्यक्ष विधायक अताउर्रहमान भी मौजूद होंगे। यह जानकारी आयोजक हाजी फय्याज हुसैन ने दी।