लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में ईद का पर्व बेहद उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। जहां ईद उल फित्र की नमाज विभिन्न मस्जिदों में अदा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में नमाजियों ने हिस्सा लिया और मुल्क में अमन व चैन की दुआ मांगी। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी।

अमन और शांति की दुआ

ईदगाह ऐशबाग ईद उल फित्र की नमाज अदा की गई। जिसमें पांच लाख से ज्यादा मुसलमानों ने इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फंरगी महली की इमामत में नमाज अदा की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में औरतों ने भी ईदगाह पहुंचकर ईद की नमाज अदा की। महिलाओं की नमाज के लिए विशेष इंतजाम किये गए थे। इस अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश यादव, पूर्व सीएम अखिलेश यादव, मंत्री दानिश आजाद अंसारी, विधायक रवी दास मेहरोत्रा समेत विभिन्न धर्मो के धर्मगुरुओं, सरकार के उच्च अधिकारियों ने ईदगाह आकर इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली और तमाम मुसलमानों को ईद की मुबारकबाद देकर अपने प्रदेश और देश की गंगा जमनी तहजीब का बेहतरीन नमूना पेश किया।

अन्याय का अंत हो

मौलाना फरंगी महली ने कहा कि इस्लाम धर्म ने सबसे पहले मानव अधिकार को बताया है। विश्व को मानव अधिकार की अहमियत से अवगत कराया है। आज भी अगर दुनिया इन आदेशों पर अमल करने लगे तो विश्व से अन्याय और गरीबी का अन्त हो सकता है।

जरूरतमंदों की मदद करें

काजी शहर मुफ्ती इरफान मियां फिरंगी महली ने कहा कि रमजान का रोजा रखने और खूब इबादत करने, खुद को फिट रखने और एक महीना अल्लाह की राह में पूरी तरह समर्पित करने से हमें ईद का तोहफा मिलता है। जिसमें हम सभी मुसलमानों को अल्लाह का शुक्र गुजार होना चाहिए। जिसका शुकरान गरीबों, असहायों, बीमारों की मदद करके होना चाहिए। हमें अपने बच्चों की धार्मिक और आधुनिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। जो समाज में फैली बुराइयों को पहचान कर उनसे दूर रहें।