-युवती के माता-पिता ने घटना के बाद जहर खाकर दे दी थी जान

-दस माह पहले एक अन्य युवती से की थी हैवानियत

बरेली: बिशारतगंज में सात साल पहले बड़ी बहन से हैवानियत कर चुके आरोपित ने अब छोटी बहन से दुष्कर्म कर दिया। परिजन वेडनसडे को थाने पहुंचे तो पुलिस ने पीडि़तों को जांच की बात कहकर टरका दिया। बड़ी बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद माता पिता ने बदनामी के चलते जहर खाकर अपनी जान दे दी थी। यही आरोपित दस महीने पहले एक युवती के साथ दुष्कर्म कर जेल गया था। अभी आठ दिन पहले ही जमानत पर आए आरोपित ने फिर यह वारदात कर दी। पुलिस ने भाई की तहरीर पर देर रात आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बिशारतगंज की रहने वाली एक युवती अपने दो भाईयों के साथ रहती है। बड़ा भाई ट्यूजडे को बाहर गया था। छोटा भाई घर के ऊपर के कमरे में सो रहा था। उसी समय आरोपित सोनू उर्फ सुदेश पुत्र मुनेंद्र दीवार फांदकर घर के अंदर घुस आया। उसने घर में सो रही किशोरी को पकड़ लिया और मुंह में कपड़ा डालकर तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गया। इसके किशोरी चिल्लाई तो भाई व अन्य लोग वहां पहुंच गए। वेडनसडे सुबह होते ही भाई व अन्य परिजनों ने थाने पहुंच कर आरोपित के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष बिसारतगंज राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दुष्कर्म, पॉस्को एक्ट व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।

बमुश्किल हुई थी बहन की शादी

बड़ी बहन के साथ दुष्कर्म के बाद माता पिता ने जान दे दी थी। सात साल पहले घर में कोई इतना बड़ा भी नहीं था कि स्थितियां संभाल सके। हालांकि रिश्तेदारों व भाईयों ने किसी तरह बड़ी बहन की भमौरा क्षेत्र के एक गांव में शादी की थी।

आरोपित को लेकर लोगों में गुस्सा

बार बार दुष्कर्म की घटना करने वाले आरोपित को लेकर लोगों में खासा गुस्सा है। लोगों ने मन बना लिया है कि अब किसी भी कीमत पर उसे गांव में नहीं रहने दिया जाएगा।

पीडि़ता के भाई की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

- शैलेश पांडेय, एसएसपी