छेड़खानी की घटना से नाराज साध्वी ने कहा गांव में डालेंगी डेरा

बहेड़ी/शेरगढ़: शेरगढ़ के पहाड़पुर घाटगांव में छात्रों के साथ हो रही छेड़खानी की घटनाओं के मामले में साध्वी प्राची ने आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन मुजफ्फरनगर कांड की पुनरावृत्ति न होने दे। छात्राओं के साथ किसी प्रकार की छेड़खानी नहीं होना चाहिए और अगर ऐसा हुआ तो वे पहाड़पुर घाटगांव में आकर डेरा डाल देंगी और जब तक आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे न पहुंचा देंगी तब तक वे यहां से नहीं जाएंगी। यह बातें उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कही।

शोहदों के खिलाफ हो कार्रवाई

छेड़खानी का मुद्दा उठाते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि यह बड़े शर्म की बात है कि एक ओर सरकार बेटियों की शिक्षा के लिए गम्भीर है। बेटी बचाओ अभियान के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तमाम प्रयास चल रहे हैं। वहीं शोहदे स्कूल जाने वाली छात्राओं से छेड़खानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अश्लील हरकतें और कमेंट करने वाले लड़कों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं साध्वी प्राची ने कहा कि कांवडि़यों को डीजे बजाने की पूरी छूट दी जानी चाहिए।

शोहदे करते हैं छेड़खानी

स्कूली जाते वक्त छात्राओं के साथ शोहदे छेड़खानी करते हैं। स्कूल जाने वाली छात्राओं के साथ छेड़खानी और नहर किनारे नहाते समय अश्लील हरकतें व अश्लील कमेंट करते थे। इस मामले में छात्राओं के परिजनों ने शोहदों की पिटाई भी की थी।