गोरखपुर (ब्यूरो).डेंगू के मामले सामने आने के बाद तीनों मरीजों के घर के आस-पास हेल्थ टीम ने निरोधात्मक कार्रवाई की। इस दौरान नौ घरों में डेंगू के लार्वा मिले। लार्वा नष्ट कराकर सभी भवनों के मालिकों को नोटिस भी दी गई है।

चौरीचौरा एरिया के सरदारनगर मोतीपोखरा और मोहम्मदपुर गांव के रहने वाले एक महिला और 12 साल का बच्चा डेंगू पीडित मिला है। वहीं, ब्रह्मपुर के सिलहटा मुंडेरा गांव में एक महिला डेंगू पीडि़त मिली है। एलाइजा जांच में डेंगू पुष्टि होने के बाद हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची। सभी स्वस्थ मिले। इसके बाद टीम ने आसपास के घरों में जांच की। कई घरों में डेंगू के लार्वा मिले। उन्हें नष्ट कराया गया। टीम ने तत्काल तीनों घरों के स्वामियों को नोटिस दिया है। इसके अलावा टीम वहां पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया, फागिंग भी कराई। साथ ही गांव में लोगों को जागरूक किया। इस दौरान सहायक मलेरिया अधिकारी चंद्रप्रकाश मिश्र, एमई प्रवीण पांडेय आदि मौजूद रहे।

अब तक 16 मिले मरीज

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ। अंगद कुमार सिंह ने बताया, जिले में जनवरी से लेकर अब तक 16 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। एलाइजा जांच में इसकी पुष्टि हुई है। आठ मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री है। उन्हें डेंगू दूसरे जिले से हुआ था। वह बीमार होने के बाद शहर में लौटे। वहीं आठ मामले जिले के हैं। इन सभी मामलों के निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। अब तक 20 आवासों पर नोटिस दी जा चुकी है। जिले में 8924 अधिक स्थानों पर सोर्स रिडक्शन हुए। जहां मिले लार्वा को नष्ट कराया गया।