गोरखपुर (ब्यूरो)।चिंता यह है कि कहीं ऐसे नामों को भी वोटर्स के रूप में नहीं भुना लिया जाए। हालांकि, जिला निर्वाचन की तरफ से ऐेसे वोटर्स के लिए मतदान कर्मियों को ट्रेनिंग के दौरान इस बात की जानकारी दे दी गई है कि जो भी वोटर्स पोलिंग बूथ पर आएंगे, उनके पहचान पत्र व वोटर स्लिप देखने के बाद उनके इंडेक्स फिंगर पर मतदान करने का चिह्न जरूर लगाना है।

अब्सेंट, शिफ्टेड व डेड वोटर पर नजर

बता दें, जिन लोगों का निधन हो गया है। उनका वोटर लिस्ट से नाम नहीं हटा है। वह आज भी वोटर लिस्ट में जिंदा हैं। साथ ही जिन लड़कियों की शादी हो चुकी है और वे यहां से जा चुकी हैं। उनका भी वोटर लिस्ट में नाम है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जेएन मौर्य ने बताया, जिनका निधन हो गया है या फिर दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैैं, ऐसे करीब 8 हजार से अधिक मतदाता हैैं। लेकिन ऐेसे मतदाताओं पर विशेष नजर होगी।

वोटर लिस्ट में इनके नाम

जिला निर्वाचन के मुताबिक शक्ति नगर वार्ड में डीएवी पीजी कॉलेज के प्रिंसिपल रहे हरि शंकर लाल का निधन दो दशक पहले ही हो गया था, लेकिन उनका नाम अभी भी वोटर लिस्ट में है। इसी तरह डॉ। लाल बाबू श्रीवास्तव, डॉ। एससी गौड़, शकुंतला श्रीवास्तव का भी निधन हो चुका है। इनका नाम भी वोटर लिस्ट में है।

मृतकों के नाम हटाने के लिए की थी शिकायत

जिला निर्वाचन कार्यालय में पहुंचे निर्वतमान पार्षद आलोक सिंह विशेन ने शिकायत दर्ज कराकर मृतकों के नाम, जिन लड़कियों की शादी हो गई और जिन्होंने मकान दूसरी जगह शिफ्ट कर लिया गया था। अभी भी वोटर लिस्ट में नाम दर्ज है। शिकायत के बाद भी लिस्ट को अपडेट नहीं किया गया। वहीं, शिवपुर सहबाजगंज के निवर्तमान पार्षद अफरोज उर्फ गब्बर ने मृतकों का नाम नहीं हटाने पर बीएलओ की शिकायत निर्वाचन अधिकारी से की है। अफरोज का आरोप था कि मृतकों की लिस्ट के बाद भी लिस्ट में उनका नाम नहीं हटाया जा रहा है। वार्ड में 100 से अधिक मृतकों का नाम लिस्ट में है।

नाम परिवर्तन हुए, विलोपित भी किए

- संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 कार्यक्रम के तहत नगर निगम के लिए जहां 21,924 नाम परिवर्तित किए गए। महज 37 नाम ही संशोधन किए गए।

- 12,395 नाम विलोपित किए गए। वहीं, नगर निगम व 11 नगर पंचायत के लिए कुल 28,350 नाम परिर्वतन किए गए।

- 83 नाम संशोधन किए गए। तो 19,080 नाम विलोपन में शामिल हुए।

निर्वाचन क्षेत्र - पुरुष - महिला - कुल वोटर्स

नगर निगम -5,75,826 - 4,72,636 - 10,48,462

सहजनवां - 19,049 - 15,566 - 34,615

बांसगांव - 8868 -8147- 17,015

मुंडेरा बाजार -14,010- 12,803- 26,813

पीपीगंज - 23,477 - 21,525 - 45,002

पिपराइच -16,579 - 15,659- 32,238

गोला बाजार - 22,767 - 19,811 -42,578

बड़हलगंज - 18,889 - 17,054 -35,943

उनवल - 10,341- 9489 - 19,830

चौमुखा - 10,525 - 9708 - 20,233

उरूवा बाजार - 11,613 - 10,878- 22,491

घघसरा बाजार - 11,469 - 10,142 - 21,611

कुल - 7,43,413 - 6,23,418 - 13,66,831

जिनका निधन हो गया है या लड़कियों की शादी हो गई है या फिर दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैैं, उनका नाम वोटर लिस्ट में है तो ऐेसे में मतदान कर्मियों की ड्यूटी है कि वह पहचान पत्र देखकर ही एंट्री देगा। वेरिफाइ होने के बाद ही मतदान के लिए वह एलिजबल होगा। किसी भी बूथ पर फर्जीवाड़ा नहीं होने दिया जाएगा।

कृष्णा करुणेश, जिला निर्वाचन अधिकारी