- मोहनापुर के मैरिज हॉल में काम करता था गिरधर गोपाल

- सिर, चेहरे और पेट पर चोट का निशान, मुंह से निकल रहा था झाग

GORAKHPUR: मैरिज हॉल में काम करने वाले कर्मचारी की डेड बॉडी सड़क किनारे लावारिस हाल मिली। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। सिर, चेहरे और पेट पर चोट का निशान देखकर लोगों ने हत्या की आशंका जताई। घटना शाहपुर एरिया के मोहनापुर की है। मैरिज हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखकर पुलिस ने एक्सीडेंट का मामला बताया। इंस्पेक्टर शाहपुर ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

बहनोई के मैरिज हॉल पर करता था काम

रामजानकी नगर, बशारतपुर निवासी गिरधर गोपाल सिंह के बहनोई श्रीराम सिंह का मैरिज हॉल पादरी बाजार में है। उस मैरिज हॉल के मैनेजर गिरधर के बड़े भाई भानु प्रताप सिंह हैं। जबकि गिरधर सजावट के लिए सामान तैयार करता था। लगन का सीजन होने से अक्सर वह मैरिज हॉल में रुक जाता था। गुरुवार और शुक्रवार की रात मैरिज हॉल की बुकिंग नहीं थी। इसलिए शुक्रवार रात घर जाने के बजाय गिरधर वहीं पर सो गया। शनिवार सुबह मैरिज हॉल से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर उसकी डेड बॉडी मिली। उसके शरीर पर चोटों के गंभीर निशान थे।

भोर में अकेले निकला था बाहर

आसपास के लोगों के शोर मचाने पर किसी ने पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी पाकर परिजन भी आ गए। लोगों ने आशंका जताई कि गिरधर गोपाल सिंह की हत्या करके उसकी डेड बॉडी को सड़क पर फेंका गया है। उसके भाई भानु प्रताप ने पुलिस को तहरीर दी। मैरिज हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस ने देखा। भोर के तीन बजे गिरधर मैरिज हॉल से बाहर निकलता हुआ दिखाई दे रहा था। इसलिए पुलिस इसे एक्सीडेंट मान रही है। शुक्रवार रात भोजन के बाद गिरधर अपने भांजे अखिलेश सिंह के बगल में सोया था। दूसरे बेड पर भानु प्रताप सिंह और अन्य कर्मचारी सोए थे। गिरधर का मोबाइल फोन भी टेबल पर मिला। पांच भाइयों में तीसरे नंबर का गिरधर पांच बच्चों का पिता था।

वर्जन

डेड बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। परिजनों ने युवक के हत्या की आशंका जताई है।

- प्रदीप कुमार शुक्ला, इंस्पेक्टर, शाहपुर