गोरखपुर (ब्यूरो)।पहली बार पार्षदी का चुनाव होने से प्रत्याशियों को भी वार्ड की जनता किस ओर मतदान करती है, इसकी भी कोई खास जानकारी नहीं है। ऐसे में प्रत्याशी असमजंस में हैं कि मतदाताओं का रुख किस ओर रहेगा। हालांकि सभी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। मुश्किल इस कदर है कि कई बार तो प्रत्याशी प्रचार के लिए दूसरे वार्डों में चले जा रहे हैं।

कौन किधर, जानने में लगे सभी

नए वार्डों में पहली बार चुनाव होने से प्रत्याशी और उनके समर्थक प्रचार के दौरान कौन सी कॉलोनी के लोगों का किधर रुख है, यह भांप रहे हैं। इसके साथ ही वर्ग विशेष व अन्य वर्गों के झुकाव की जानकारी ले रहे हैं। बिजली, पानी, सड़क के मुद्दे पर भी जनता के मूड भांपने की कोशिश चल रही है। बडग़ो के सुरेंद्र दुबे, अजीत सिंह ने बताया कि मतदाता अभी कुछ भी कहने-बोलने से बच रहे हैं।

रात में हो रहा गुणा भाग

दिनभर प्रचार के बाद प्रत्याशी और समर्थक रात में वोट को गुणा भाग कर रहे हैं। कार्यकर्ता अपने स्तर से प्रत्याशी को अमुक-अमुक जगह से वोट मिलने का आश्वासन दे रहे हैं। कई ने तो बाकायदा लिस्ट भी बना ली है। जैसे-जैसे मतदान की तिथि करीब आ रही है, लिस्ट में नाम बढ़ और घट रहे हैं।

इस बार बढ़े हैं 10 नए वार्ड

नगर निगम में इस बार 32 गांव जोड़कर 10 नए वार्ड बनाए गए हैं। इससे नगर निगम में अब 80 वार्ड हो गए हैं। इसकी वजह से वार्डों में फेरबदल भी हुए हैं। कई वार्डों के हिस्से एक दूसरे में चले गए हैं। इससे प्रत्याशियों के सामने सीमांकन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ये हैं नए वार्ड

रानीडीहा : अनुसूचित जाति महिला

खोराबार : अनुसूचित जाति महिला

बडग़ो : अनुसूचित जाति

संझाई : अनुसूचित जाति

मोहनपुर : पिछड़ा वर्ग

गुलरिहा : महिला

हरसेवकपुर : महिला

भरवलिया : पिछड़ा वर्ग महिला

देवी प्रसाद नगर : पिछड़ा वर्ग महिला

गायघाट : अनारक्षित

वार्ड में सड़क, बिजली, पानी की समस्या बरकरार है। नगर निगम में शामिल होने पर ज्यादा सुविधाएं मिलने की आस थी, लेकिन ऐसा अभी तक कुछ दिखा नहीं।

अनिरुद्ध यादव, वार्ड 39 गायघाट

वार्ड में कई जगह सड़कें अभी खराब हैं। नाली की भी समस्या है। नगर निगम को सबसे पहले नालियों को बनाने पर ध्यान देना चाहिए।

पवन उपाध्याय, वार्ड 37 भरवलिया

पहली बार बडग़ो वार्ड बना है, यहां काफी चुनौतियां हैं। जीत के लिए प्रचार चल रहा है। वार्ड का समुचित विकास कराया जाएगा।

विनोद पासवान, वार्ड 11 बीजेपी कैंडिडेट

पहली बार बने वार्ड में काफी समस्याएं हैं। जीत होने पर सुविधाओं का बढ़ाया जाएगा। जनता को अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रचार चल रहा है।

राजेश कुमार उर्फ मंटू, वार्ड 11 निर्दल प्रत्याशी

हर वार्ड में मतदाता खामोश है। वार्ड 70 में भी कुछ ऐसा ही है। हालांकि अबकी बार बदलाव के मूड में हैं। जीत हुई तो वार्ड में सड़कों का जाल बिछाया जाएगा।

बशीर अली बासिर, वार्ड 70, निर्दल प्रत्याशी

नए वार्डों में वोटर

वार्ड नंबर व नाम - पुरुष - महिला - कुल वोटर्स

3, रानीडीहा - 4917 - 4323 - 9240

5, बाबा गंभीरनाथ नगर - 6494 - 5495 -11,990

11, बडग़ो - 4425 - 3957 - 8482

13, संझाई - 4356 - 3731 - 8087

21, मोहनपुर - 5746- 4644 - 10,390

30, गुलरिहा - 5865 - 5052 - 10,917

31, हरसेवकपुर - 5097 - 4139 - 9236

37, भरवलिया - 8175 - 6994 - 15,169

39, गायघाट - 3611 - 3321 - 6932

51, देवी प्रसाद नगर - 5495 - 4693 - 10,188