गोरखपुर (ब्यूरो)।इन योजनाओं के लाभार्थियों में अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों की बड़ी भागीदारी है। सीएम योगी शुक्रवार को 271 करोड़ रुपए की लागत वाली 140 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह व भाजपा के क्षेत्रीय अनुसूचित वर्ग महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

हर गांव में शुद्ध पेयजल

सीएम योगी ने शुक्रवार को चंपा देवी पार्क मैदान से छह कार्यदायी संस्थाओं की 221.10 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा आठ कार्यदायी संस्थाओं की 49.48 करोड़ रुपए की लागत वाली 51 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पित होने वाली विकास परियोजनाओं में सर्वाधिक संख्या उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की रही। कुल 50 परियोजनाओं पर 184 करोड़ 90 लाख 36 हजार रुपए खर्च कर 50 ग्राम पंचायतों में घर-घर नल से शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पेयजल की इन नई परियोजनाओं से पिपराइच, कैंपियरगंज, गोरखपुर ग्रामीण, चिल्लूपार, खजनी, चौरीचौरा, बांसगांव विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।

गरीबों का उत्थान करने वाली है मोदी-योगी सरकार

अनुसूचित वर्ग महासम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि गैर भाजपा सरकारों में भ्रष्टाचार का बोलबाला होता था। कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा लगाती थी लेकिन गरीबों को ही हटाने पर लग जाती थी। जबकि मोदी-योगी सरकार गरीबों का उत्थान करने वाली सरकार है। सम्मेलन को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय आवास राज्यमंत्री कौशल किशोर, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, सांसद रविकिशन शुक्ल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सांसद बृजलाल, रमापति राम त्रिपाठी, जगदम्बिका पाल, कमलेश पासवान, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, विधायक प्रदीप शुक्ला आदि मौजूद रहे।