चौरीचौरा एरिया में सोमवार दोपहर तीन बजे घर में अकेली मूक-बधिर किशोरी संग युवक ने रेप किया। शाम छह बजे घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। मामले की जानकारी पाकर पुलिस गांव में पहुंची। तब पता लगा कि दोपहर में किशोरी अकेली घर में सो रही थी। तभी बगल के गांव का एक युवक पहुंच गया। उसने किशोरी संग रेप किया। उस समय किशोरी की भाभी नहाने गई थी। वह लौटकर आई तो उसने शोर मचाया आसपास के लोग पहुंच पाते। इसके पहले किशोरी की भाभी को धक्का देकर आरोपित फरार हो गया। एसएचओ चौरीचौरा प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की छानबीन की जा रही है। पीडि़त परिवार की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।

जहरीली दवा खाकर थाने पहुंची युवती

पिपराइच एरिया की युवती सोमवार को एक जहरीली दवा खाकर थाने पहुंच गए। उसने बताया कि घर वालों से परेशान होकर उसने कदम उठाया है। यह सुनते ही थानेदार हक्के-बक्के रह गए। उन्होंने तत्काल युवती को सीएचसी पर भिजवाया। इस बात का जिक्र पुलिस ने जीडी भी किया। बताया जाता है कि सोमवार सुबह एक युवती पहुंची। उसने बताया कि एक युवक से उसकी दोस्ती है। लेकिन परिजन इस बात को लेकर उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। एसओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि एक युवती आई थी। उसे इलाज के लिए भेजकर कार्रवाई की जा रही है।

दंपति ने मांगी इच्छा मृत्यु

चौरीचौरा एरिया में भूमि विवाद को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बुजुर्ग दंपति ने इच्छा मृत्यु मांगी है। उन्होंने राष्ट्रपति, राज्यपाल सहित अन्य को पत्र भेजकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों पर आरोप लगाए हैं। चौरीचौरा देवीपुर निवासी मनोरमा देवी और उनके पति रामजीत यादव ने बताया कि तरकुलहा स्थित उनकी भूमि पर दबंग कब्जा करना चाहते हैं। शिकायत करने पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। उनकी फरियाद कोई नहीं सुन रहा है। इसलिए उन्होंने इच्छा मृत्यु मांगी है।

अधिवक्ता के निधन पर शोक

जिला अधिवक्ता एसोसिएशन के महामंत्री रमाशंकर राम त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को एसोसिएशन की बैठक अध्यक्ष अमिताभ त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। उपस्थित लोगों ने वरिष्ठ अधिवक्ता बदरे आलम के निधन पर गहरा दुख जताया। दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। बैठक में अधिवक्ताओं ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।