GORAKHPUR: सिटी के जरूरतमंदों को जिला प्रशासन भूखे पेट नहीं सोने देना चाहता। सूचना मिलने की देरी है कि लोग फूड पैकेट से लेकर खाद्यान्न पहुंचा रहे हैं। यह सबकुछ अब नेपाल लॉज में बनाए गए कम्युनिटी किचेन से संभव हो रहा है। यहां तैनात प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि कम्युनिटी किचेन से डेली 10 हजार से अधिक फूड पैकेट बांटे जा रहे हैं। वहीं प्रशासन के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा की टीम ने जरूरतमंदों को भोजन पहुंचाने का काम दो दिन से बंद कर दिया है।

बड़े व्यापारियों की मदद से हो रहा संभव

कम्युनिटी किचेन में जागरूक लोगों द्वारा बड़ी मात्रा में भोजन का पैकेट पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही डीएम से लेकर अन्य प्रशासनिक अधिकारी अपनी गाड़ी में राशन लेकर चल रहे हैं। कंट्रोल रूम की सूचना के आधार पर रोजाना करीब 300 लोगों तक खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा है। आवास विकास समिति, बेतियाहाता के राजेश छापडि़या और विश्वजीत त्रिपाठी की अगुवाई में रोज 1500 से 2000 भोजन का पैकेट वितरित किया जा रहा है। वहीं कृष्णभोग संस्था द्वारा मेडिकल कॉलेज में 1000 से 1200 लोगों को रोज भोजन कराया जा रहा है। प्रशासनिक जिम्मेदारों के मुताबिक शहर में रोज करीब 30 हजार जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाया जा रहा है। यह पहल ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट-एसडीएम सदर गौरव सिंह सोंगरवाल के दिशा निर्देश पर चल रही है। ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट गौरव सिंह सोंगरवाल ने बताया कि कम्युनिटी किचन में काम करने वाले भी भोजन बनाने से पहले साबुन से हाथ को ठीक तरह से धुलते हैं। उसके बाद पैकिंग करते हैं। किचन की साफ सफाई, हाथ धोने की व्यवस्था की पूरी मॉनिटरिंग भी करते हैं। भोजन में बनने वाले सामानों की क्वालिटी का ख्याल रखा जाता है।