गोरखपुर (ब्यूरो).ईद-उल-अजहा की नमाज के लिए लोग सुबह से ही तैयार होने लगे। बच्चों व बड़ों ने नहा कर नए कपड़े पहने। खुशबू लगाई। सिर पर टोपी पहनी और चल पड़े ईदगाह व मस्जिद की ओर। रंग-बिरंगी, सफेद पोशाकों से हर ओर खुशनुमा नजारा था। तय समय पर ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। इसके बाद ईद-उल-अजहा मुबारक की सदाएं हर ओर गूंजने लगीं। छोटे से लेकर बड़ों ने एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दी। ईदगाह, मस्जिद व कुर्बानीगाहों के पास काफी चहल पहल रही। बहुत से लोग पूर्वजों की कब्रों पर फातिहा पढऩे कब्रिस्तान भी गए।

कुर्बानी कर जरुरतमंदों में बांटा गोश्त

नमाज के बाद शहर के मुस्लिमों घरों व गाजी रौजा, दीवान बाजार, रहमतनगर, तुर्कमानपुर, अस्करगंज, रसूलपुर, बक्शीपुर, जाफरा बाजार सहित चिहिन्त तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर पैगंबर हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम व पैगंबर हजरत इस्माइल अलैहिस्सलाम की कुर्बानी को याद करते हुए बड़े व छोटे जानवर की कुर्बानी परंपरा के अनुसार दी गई। कुर्बानी के बाद गोश्त को तीन हिस्सों में बांटा गया। गरीबों, यतीमों, पड़ोसियों, रिश्तेदारों में गोश्त बांटा गया।

महिलाओं ने बनाए लजीज पकवान

ईद-उल-अजहा के पकवानों का सामान महिलाओं ने रात में ही तैयार किया। मेहंदी लगाई। सुबह उठकर फज्र की नमाज पढ़ी। बच्चों के साथ घर के अन्य लोगों को तैयार करवाया। फिर जुटीं सेवईयां बनाने में। सेवईयां बन गई तो मटर, दही बड़ा, रसगुल्ला व सुबह का नाश्ता तैयार किया। इसके बाद कुर्बानी की तैयारी शुरु की। कुर्बानी के बाद मीट पोलाव बनाया। तरह-तरह की शानदार रोटियां बाजार से आईं। तुर्कमानपुर, रसूलपुर, गोरखनाथ, नखास, उर्दू बाजार के पास बाकरखानी, नान रोटी, शीरमाल लेने वालों की कतार लगी रही। दोपहर से दावत का दौर शुरु हुआ जो पूरे दिन तक चलता रहा। पूरा दिन खुशियों के साथ खुशी बांटते बीता।

इन प्रमुख ईदगाहों व मस्जिदों में अदा की गई नमाज

ईदगाह मुबारक खां शहीद नार्मल, ईदगाह बहरामपुर, ईदगाह फतेहपुर, ईदगाह बेनीगंज, ईदगाह इंजीनियरिंग कॉलेज, जामा मस्जिद रसूलपुर, मरकजी मदीना जामा मस्जिद रेती, जामा मस्जिद उर्दू बाजार, जामा मस्जिद सुब्हानिया तकिया कवलदह, मदरसा दारूल उलूम हुसैनिया दीवान, सब्जपोश हाउस मस्जिद जाफरा बाजार, सुन्नी बहादुरिया जामा मस्जिद रहमतनगर, गौसिया जामा मस्जिद छोटे काजीपुर .उत्साह व चहल पहल का रहा माहौल

मुस्लिम बाहुल्य मोहल्ले रहमतनगर, गाजी रौजा, जाफरा बाजार, शाह मारूफ, रेती चौक, रसूलपुर, गोरखनाथ, पुराना गोरखपुर, चक्शा हुसैन, जाहिदाबाद, जमुनहिया बाग, फतेहपुर, बड़े काजीपुर, खूनीपुर, इस्माईलपुर, अस्करगंज, नखास, छोटे काजीपुर, उर्दू बाजार, शेखपुर, बसंतपुर, बेनीगंज, इलाहीबाग सहित अन्य जगहों पर उत्साह व चहल पहल का माहौल नजर आया। विभिन्न जगहों पर सामूहिक कुर्बानी हुई।

काबा शरीफ का गिलाफ व कदमे रसूल की कराई जियारत

जाफरा बाजार स्थित सब्जपोश हाउस मस्जिद में बाद नमाज ईद-उल-अजहा मुसलमानों के मुकद्दस शहर मक्का में स्थित काबा शरीफ का गिलाफ, पैगंबर-ए-आजम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के कदमों के निशान व बगदाद स्थित हजरत शैख अब्दुल कादिर जीलानी गौसे आजम रहमतुल्लाह अलैह के मजार की ईट की जियारत सलातो सलाम हाफिज रहमत अली निजामी ने कराई।