गोरखपुर (ब्यूरो).रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 70 हजार से उपर यात्रियों का आवागमन होता है। एसी का टिकट लेने वाले यात्रियों के लिए एसी लाउंस की व्यवस्था की गई है। लेकिन यह फुल हो जाता है। ऐसे में अब आईआरसीटीसी की तरफ से एग्जिक्यूटिव लाउंज बनाने की कवायद शुरू कर दी है। एक सीनियर ऑफिसर ने बताया कि एग्जिक्यूटिव लाउंज का लक्ष्य सभी सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध करवाने का है, जिससे कि यात्रियों के लिए यात्रा शुरू करने से पहले या उसके बाद इंतजार में लगने वाला वक्त आराम से कट सके। इस लाउंज को एयरपोर्ट की तरह डिजाइन किया जाएगा। जिसमें ज्यादा जगह होगी और शांत और स्वच्छ माहौल मिलेगा।

बेहतर होगी सुविधाएं

एग्जिक्यूटिव लाउंज यात्रियों को कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा, जिनमें कुछ तो स्वागत के तौर पर होगा और कुछ के लिए रुपए खर्च करने पड़ेंगे। जैसे कि चैनल, म्यूजिक, वाई-फाई, टीवी, ट्रेन की जानकारी वाला डिस्प्ले, विभिन्न तरह के पेय और मल्टी-क्यूजीन बफे। यहां यात्रियों के लिए विश्राम करने वाला, सामान के लिए बड़े रैक, रेस्टरूम जिसमें नहाने और कपड़े बदलने की सुविधाएं होंगी। शू शाइनर, अखबार और मैगजीन भी उपलब्ध होंगे।

महिलाओं और पुरुषों के लिए होगी सेपरेट व्यवस्था

आईआरसीटी से मिली जानकारी के मुताबिक, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग से व्यवस्था रहेगी। जिसके लिए गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इसमें साफ तौलिए, साबुन, शैंपू, शॉवर कैप और डेंटल किट भी दिए जाएंगे। मल्टी-क्यूजीन बफे और पैकेज सुविधाओं का लाभ आईआरसीटीसी यात्रियों के लिए यहां पर कई तरह के वेज और नॉन-वेज खाना भी उपलब्ध करवाएगा।

रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ पर एग्जिक्यूटिव लाउंज खोलने की प्लानिंग है। बहुत जल्द इसका लाभ यात्रियों को मिलना शुरु हो जाएगा। इस पर काम चल रहा है।

- अजीत सिन्हा, चीफ रीजनल मैनेजर, आईआरसीटीसी