- नगर निगम 15 से 25 अप्रैल तक चलाएगा अभियान

GORAKHPUR: यदि आपके मकान की छत पर प्रचार वाली होर्डिग लगी है तो या तो होर्डिग हटवा लीजिए या टैक्स, जुर्माना भरने के लिए तैयार हो जाइए। नगर निगम ने शहर के ऐसे 250 मकान की लिस्ट तैयार कर लिया है, जिन पर होर्डिग्स लगी हैं। ऐसे लोग निगम को केवल हाउस टैक्स दे रहे हैं, जबकि मकान का कॉमर्शियल यूज कर रहे हैं। नगर निगम ऐसे लोगों से या तो कॉमर्शियल टैक्स वसूल करेगा या जुर्माना लगाएगा। इसके लिए 15 से 25 अप्रैल के बीच निगम की टीम सीधे लोगों के घर पहुंचेगी।

सबसे अधिक मकान गोलघर में

नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रबीस चंद का कहना है कि नगर निगम के पास अधिकार है कि यदि कोई व्यक्ति अपने घर का उपयोग कॉमर्शियल के रूप में करता है तो उससे कॉमर्शियल टैक्स वसूल करे। नगर निगम सीमा के अंदर लगभग 250 ऐसे मकान चिन्हित कर लिए गए हैं जिनकी मकानों पर कॉमर्शियल होर्डिग्स हैं। उन होर्डिग का मकान मालिक मंथल चार्ज ले रहे हैं। इसलिए उनको कॉमर्शियल टैक्स के दायरे में लाया जाएगा। यह हो सकता है कि जितने एरिया का यूज वह कॉमर्शियल कर रहे हैं उसी एरिया में कॉमर्शियल टैक्स लगाया जाए और शेष एरिया हाउस टैक्स के दायरे में होगा।

आप जानें टैक्स देंगी कि जुर्माना

15 अप्रैल के बाद अभियान शुरू होगा। जिस भी घर पर होर्डिग लगा होगा, उनसे संपर्क किया जाएगा और उनसे पूछा जाएगा कि क्या अब यह होर्डिग पूरे साल रहेगी। अगर वह हां कहते हैं तो उनके मकान का टैक्स रिवाइज किया जाएगा। अगर नहीं कहते हैं तो उन पर 500 रुपए से लेकर 10 हजार रुपए तक जुर्माना लगाया जाएगा।

वर्जन

होर्डिग पर टैक्स लगाने की योजना बन गई है। इसी माह में सर्वे का कार्य शुरू हो जाएगा और जिस भी घर पर होर्डिंग होगी, उनका टैक्स रिवाइज किया जाएगा या जुर्माना लगाया जाएगा।

रबीस चंद, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, नगर निगम