गोरखपुर (ब्यूरो)।2022 में जनवरी से अक्टूबर तक गोरखपुर व बस्ती मंडल में 365 बॉडी मिली हैं, जिसमें से 231 लाशें ऐसी हैं, जो गोरखपुर में पाई गई हैं। इनमें से बड़ी तादाद में मरने वालों की पहचान भी नहीं हो पाई है। गोरखपुराइट्स और यहां की पुलिस के लिए ये आंकड़े चौंकाने वाले हैं।

अज्ञात बॉडी की नहीं हो पाती पहचान

अज्ञात बॉडी मिलने के बाद उसकी पहचान भी रहस्य बनकर रह जाती है। इसका भी पता लगा पाने में पुलिस नाकाम रहती है। धीरे-धीरे समय बीतने के साथ इधर-उधर मिली अज्ञात बॉडी फाइलों में ही दफन हो जाती हैं।

दाह संस्कार में भी आती परेशानी

जब खोजबीन के बाद अज्ञात बॉडी से संबंधित कोई जानकारी नहीं मिलती है। तब इनका दाह संस्कार भी पुलिस को करना पड़ता है। सूत्रों की मानें तो 1500 से 2000 रुपए एक बॉडी के दाह संस्कार के लिए मिलते हैं, जिसमे सबकुछ कर पाना असंभव होता है, इसलिए इनके दाह संस्कार में भी परेशानी आती है।

जिलावार मिलीं अज्ञात बॉडी

जिला अज्ञात बॉडी

देवरिया 31

गोरखपुर 231

कुशीनगर 12

महाराजगंज 08

बस्ती 86

संतकबीर नगर 14

सिद्धार्थनगर 22

गोरखपुर जिले में मिलीं बॉडी

माह अज्ञात बॉडी

जनवरी 14

फरवरी 19

मार्च 17

अप्रैल 16

मई 26

जून 32

जुलाई 32

अगस्त 18

सितंबर 30

अक्टूबर 27

गोरखपुर में यहां मिली बॉडी

मासूम बच्चे का मिला कटा सिर

सिकरीगंज में 29 अप्रैल 2022 को सड़क किनारे मासूम बच्चे का कटा हुआ सिर मिला। पुलिस अभी धड़ बरामद नहीं कर सकी है। उसकी पहचान को एक व्यक्ति आया था, जिसने कटा सिर अपने बेटे का बताया था। लेकिन बाद में जब जांच हुई तो पता चला कि ये बच्चा उसका नहीं है। अब फिर पुलिस उसकी पहचान में जुट गई है।

महिला का शव कुत्तों ने नोच डाला

खोराबार एरिया में 29 अप्रैल 2022 को कुसम्ही जंगल में बुढिय़ा माता मंदिर के पास महिला का शव मिला। शव को जानवरों ने नोच डाला था। शव के पास पुलिस को कोल्ड ड्रिंक की दो बोतलें मिली थीं। पुलिस का कहना है कि उसकी हत्या कर शव फेंका गया है।

लड़की और लड़के की मिली बॉडी

झंगहा एरिया में 24 अप्रैल 2022 को गोबड़ौर चौकी क्षेत्र में राप्ती नदी में एक लड़की और एक लड़के का शव मिला था। दोनों के हाथ एक दूसरे से बंधे थे। पुलिस ने दोनों के प्रेमी युगल होने की संभावना जताई थी। दोनों की पहचान के लिए 10 हजार के इनाम की घोषणा की गई थी।

चादर में लपेटी मिली बॉडी

झंगहा एरिया इलाके में 8 फरवरी 2022 को भगने बंधे के पास चादर में लपेटकर बोरे में भरकर फेंकी गई 22 वर्षीय युवती का शव मिला था। उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने पहचान के लिए फोटो जारी कर 10 हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की थी।