गोरखपुर (ब्यूरो)।दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की खबर का संज्ञान लेते हुए कमिश्न ने जहां प्रताडि़त कर वृद्धों की संपत्ति पर कब्जा करने वाले परिवार के सदस्यों पर शिकंजा कसने और उन पर कार्रवाई के लिए जांच बैठा दी है। वहीं इस मामले में हर एक वृद्धों की इंडिविजुअल रिपोर्ट भी समाज कल्याण विभाग से मांगी है। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने 12 मार्च रविवार को 'ये कैसा सभ्य समाज बेटे-बहुओं ने पहुंचाया ओल्ड एज होम, दामाद ने हड़प ली जमीनÓ हेडिंग से न्यूज प्रकाशित की थी। इसके बाद जिला प्रशासन व कमिश्नर ऑफिस में इस मामले को संज्ञान लिया है।

बुजुर्गो में जगी न्याय की आस

बता दें, बी-62 अंसारी रोड, गोरखनाथ की रहने वाली 72 वर्षीय दुर्गा देवी के मामले में उनके छोटे दामाद गिरिजेश द्वारा प्रॉपर्टी को लिखवाए जाने के मामले में रवि कुमार एनजी द्वारा जांच के आदेश दिए गए थे। इसके लिए एडीएम प्रशासन को नामित किया गया था। गोकुल वृद्धा आश्रम के सुप्रिटेंडेंट राम सिंह निषाद ने पीडि़त बुजुर्ग महिला के शिकायती पत्र पर कमिश्नर के यहां मामले को अवगत कराया था। एडीएम प्रशासन के पास बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी उदासीन रवैये के कारण पीडि़त बुजुर्ग महिला को न्याय नहीं मिला। थक हारकर गोकुल वृद्धा आश्रम में शरण ली। महिला को अब न्याय की आस जगी है। वहीं कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने इस मामले में लेखपाल गिरिजेश के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए है।

प्रशासन दिलाएगा न्याय

समाज कल्याण अधिकारी वीएन सिंह ने बताया कि दुर्गा देवी के प्रॉपर्टी को गिफ्ट डीड के तहत प्रॉपर्टी लिखवाए जाने के मामले में सिविल कोर्ट में इस मामले में न्याय दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा जितने भी बुजुर्ग हैैं। उनके फैमिली मेंबर्स से काउंसलिंग कर उन्हें पुनर्विस्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें अपने घर में निवास का मौका मिल जाए।

गोकुल वृद्धा आश्रम में रहने वाली दुर्गा देवी के मामले में शिथिलता बरती गई है। इस मामले में जांच के आदेश दिए गए हैैं। संबंधित लेखपाल के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

- रवि कुमार एनजी, कमिश्नर, गोरखपुर मंडल