गोरखपुर (ब्यूरो)।बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती घायल किन्नर ने क्षेत्र विवाद में वारदात होने की जानकारी देते हुए प्रिया किन्नर समेत छह लोगों पर साजिश के तहत हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं देर शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज किन्नरों ने गोरखपुर-लखनऊ हाईवे जामकर हंगामा किया। वहीं सहजनवां थाने में प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर मामले को शांत कराया।


भीमापार में रहती है तान्या
सहजनवां थाना क्षेत्र के भीमापार की किन्नर तान्या ने संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद रेलवे स्टेशन रोड के विशाल से शादी कर ली है। तान्या अक्सर भीमापार में रहती है और क्षेत्र में अपने साथियों के साथ बधाई गाती है। रविवार की दोपहर वह रिठुआखोर मोड़ के पास रहने वाले ङ्क्षपटू ङ्क्षसह के वहां बधाई गाने गई थी। ङ्क्षपटू के घर बेटी पैदा हुई है। बधाई गाकर वह वापस लौट रही थी। तभी रिठुआखोर मोड़ के पास समाधियां की तरफ से आए एक बाइक पर सवार दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने तान्या पर गोली चला दी।
असलहा लहराते हुए फरार
पीठ में गोली लगने से तान्या वहीं गिर गई। साथियों के शोर मचाने पर बाइक सवार बदमाश असलहा लहराते फरार हो गए। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि घायल तान्या किन्नर ने क्षेत्र विवाद में प्रिया किन्नर, काजल किन्नर, मुमताज किन्नर, पूजा किन्नर, प्रिया किन्नर और दुर्गेश के विरुद्ध साजिश रचने और हत्या की कोशिश करने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपितों की तलाश चल रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
खलीलाबाद के किन्नर से हुआ था विवाद
तान्या किन्नर का क्षेत्र के बंटवारे को लेकर एक वर्ष पहले खलीलाबाद की किन्नर से विवाद हुआ था। खलीलाबाद क्षेत्र में नेग वसूलने वाली एक किन्नर सहजनवां क्षेत्र में आ गई थी। इसको लेकर अक्टूबर 2022 में विवाद हुआ था। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से पंचायत के बाद दोनों पक्ष शांत हो गए थे, लेकिन क्षेत्र का विवाद खत्म नहीं हुआ।
सीहापार की प्रिया किन्नर से तनातनी
घायल तान्या किन्नर का क्षेत्र बंटवारे को लेकर सीहापार की रहने वाली प्रिया किन्नर से विवाद चल रहा है। प्रिया अपना क्षेत्र होने का दावा कर तान्या पर क्षेत्र में जबरन आने का आरोप लगाती है जबकि तान्या का कहना है कि प्रिया जबरन उसके क्षेत्र में आती है।
चार माह पहले भिड़े थे तान्या और प्रिया गुट
चार माह पूर्व तान्या और प्रिया गुट नेग वसूलने को लेकर भिड़ गए थे। थाना पर किन्नरों ने जमकर हंगामा किया था। विवाद बढ़ता देख पुलिस बैकफुट पर आ गई और दोनों पक्ष को अपने समाज में मामले को निस्तारण करने की सलाह देकर लौटा दिया।
दारोगा हो चुके हैं लाइन हाजिर
सहजनवां थाने पर तैनात रहे एक दारोगा को किन्नरों के विवाद को लेकर लाइन हाजिर तक होना पड़ा। किन्नरों के दोनों गुटों के विवाद के दौरान एक गुट ने दारोगा पर धन उगाही का आरोप लगाया। जिसके बाद दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया था।