गोरखपुर (ब्यूरो)। हजारों की संख्या में महिला-पुरुषों के साथ बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस दौरान पूरा शहर प्रभु श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा। डीजे के गानों के धुन पर लोग नाचते रहे और पूरा शहर राममय हो गया। शोभा यात्रा को लेकर लोगो में गजब का उत्साह देखने को मिला। जिस रास्ते शोभा यात्रा निकल रही थी, उस रास्ते के जगह जगह चौराहों पर पुष्प वर्षा कर लोग यात्रा का स्वागत कर रहे थे।

संपूर्ण दुनिया में बस राम की चर्चा

कार्यक्रम मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारक सुभाष ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय संपूर्ण भारत वर्ष ही नहीं सम्पूर्ण दुनिया में बस एक ही चर्चा है। वह है राम नाम की। राम भारत के जनमानस में रचे बसे है। कहा कि आज अयोध्या में चहुओर भारतीय संस्कृति का दर्शन हो रहा है। राम मंदिर बदलते भारत का प्रतीक है जो दुनिया के आंखों में आंखें डाल कर कहता है राम जन-जन के नायक है। ऐसे हमारे रामलला के जन्मभूमि पर उनके विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होने जा रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख सुनील, प्रांत प्रचारक सुभाष, प्रांत संघचालक डॉ। महेंद्र अग्रवाल, मुख्य अतिथि स्वामी अर्जुनान्द, भाग संघचालक ओम जालान, मेयर डॉ। मंगलेश श्रीवास्तव आदि ने श्रीराम दरबार की आरती उतार कर शोभा यात्रा का शुभारंभ किया। शोभा यात्रा में भगवान श्रीराम दरबार, माता शबरी, गोस्वामी तुलसीदास, श्रीराम केवट संवाद, गुरुकुल सहित अन्य कई झाकियां शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र रही। प्रांत प्रचार प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी, विभाग कार्यवाह उमेश, सह विभाग संघचालक आत्मा, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, विधायक प्रदीप शुक्ला, भाग प्रचारक सचिन,भाग कार्यवाह अभिषेक, अभय,अजय आदि उपस्थित रहे।

सूर्यकुंड धाम में सात दिवसीय राम मंदिर निर्माण महोत्सव शुरू

सूर्यकुंड धाम विकास समिति के तत्वावधान में बुधवार को सात दिवसीय राम मंदिर निर्माण महोत्सव विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के बीच वैदिक रीति-रिवाज से शुरू हुआ। सुबह विधि विधान से भगवान राम के पूजन के पश्चात सुंदरकांड पाठ एवं कीर्तन, भजन का आयोजन हुआ। दोपहर बाद यज्ञ मंडप में राम महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहूति डाली। शाम को राम कथा में व्यास पीठ से पंडित अवनीश शुक्ला ने भगवान राम के बाल रूप का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। सूर्यकुंड धाम विकास समिति के संयोजक संतोष मणि त्रिपाठी , प्रणय कुमार श्रीवास्तव, रुक्मिणी उपाध्याय, अरविंद चौरसिया, उमाशंकर तिवारी, ईशा गौड़, विनोद पांडेय, गायत्री देवी, श्यामा मिश्रा, रीमा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।