गोरखपुर (ब्यूरो)। दौलतपुर, अमवा निवासी 35 साल के जुगानी निषाद ताल के किनारे नया मकान बनवा रहे हैं। वह रोजाना रात में मकान की रखवाली के लिए वहीं सो जाते थे। मकान की दीवार चलने पर छत लगाने की तैयारी चल रही थी। शुक्रवार की रात खाना खाकर जुगानी सो गए। शनिवार की सुबह वह घर नहीं गए तो उनकी पत्नी जलुसा खोजती हुई निर्माणाधीन मकान पर पहुंची। मकान में ही दीवार के किनारे जुगानी की बॉडी पड़ी थी। मुंह से ब्लड निकला देखकर वह शोर मचाने लगी।

पट्टीदारों पर पीटकर मर्डर करने का लगाया आरोप

आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी फोर्स के साथ पहुंचे। फारेसिंक टीम की मदद से जांच की गई। जलुसा देवी ने पुलिस को बताया कि उसके पति मजदूरी करते थे। पुश्तैनी भूमि बेचने के बाद वह लोग गांव के बाहर सड़क के किनारे नया मकान बनवा रहे थे। महिला ने अपने पट्टीदारों पर मर्डर का आरोप लगाया। कहा कि भूमि का बैनामा कराने वाले पट्टीदार बकाया रुपए मांगने पर जानमाल की धमकी दे रहे थे।

घटना की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- मनोज कुमार अवस्थी, एसपी नार्थ