गोरखपुर (ब्यूरो)।इस मामले में मृतक की बहन की तहरीर पर प्रधान प्रतिनिधि लालबचन पासवान पर चौरीचौरा थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया है। वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही एडीजी, डीएम, एसएसपी और एसपी नार्थ मौके पर पहुंचे। फॉरेसिंक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। देर शाम मृतक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जलकर मरने की पुष्टि हुई है।

अविवाहित था सुरेंद्र

देवीपुर निवासी मृतक सुरेंद्र यादव की शादी नहीं हुई थी। वह पहले ट्रक चलाता था। दस साल पहले दुर्घटना में घायल होने से वह दिव्यांग हो गया था। ट्राई साइकिल से चलता था। वह देवीपुर के पास ही सड़क पर झोपड़ी बनाकर रहता था। जहां पर जलकर उसकी मौत हुई। वहीं, सुरेंद्र के पिता की मौत 20 साल पहले हुई थी। वह अपनी मां के साथ रहता था। उसका छोटा भाई योगेंद्र भी ट्रक चलाता है। वह अपने चाचा के साथ रहता है।

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

बताया जा रहा है कि देवीपुर में सड़क किनारे एक जमीन को सुरेंद्र यादव के चाचा रामबचन अपना बताते हैं। तहसील प्रशासन की टीम ने करीब डेढ़ वर्ष पहले भूमि की पैमाइश कर उसे ग्राम सभा की घोषित कर दी और फिर जमीन को प्रधान ने जल जीवन मिशन के सुपुर्द कर दिया। वहां पानी की टंकी स्वीकृत हो गई है, जिसका सोमवार को ही ग्राम प्रधान द्वारा भूमि पूजन किया जाना था। उसी भूमि के पास मृतक सुरेंद्र यादव का कब्जा था। भूमि की पैमाइश के दौरान ही लेखपाल से मृतक के चाचा रामजीत यादव आदि से काफी विवाद और मारपीट हुई थी। आरोप है इसी विवाद में सुरेंद्र की जलाकर हत्या कर दी गई है।

पुलिस की जांच में उठे सवाल

- घटना के समय सीसीटीवी में प्रधान प्रतिनिधि की हरकत नहीं नजर आई है।

- प्रधान के घर अन्य लोग जाते दिख रहे हैं, लेकिन पूरी रात प्रधान बाहर निकलते नहीं दिखा।

- घटना का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमे आग में जलता युवक कोई हरकत नहीं कर रहा है।

- घर से रोने चिल्लाने की आवाज आ रही है, लेकिन कोई आग बुझाने का प्रयास नहीं कर रहा है।

- वीडियो चाचा ने ही पुलिस को दिया है।

- मृतक की बहन ने बताया कि चाचा रामजीत ने प्रधान को फंसाने के लिए अपनी बेटी को गोली मारी थी।

- बहन ने बताया कि कई बार चाचा ने मां और सुरेन्द्र को भी जमीन के पैसे के लिए पीटा था।

- मृतक सुरेन्द्र की मां के खाते में लाखों रुपए आए थे।

- जलते युवक की चिल्लाने की आवाज किसी ने नहीं सुनी।

एक युवक की झोपड़ी में जलकर मौत हुई है। परिजनों ने गांव के प्रधान प्रतिनिधि और उनके परिवार वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि, देवीपुर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में कुछ और तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

मनोज अवस्थी, एसपी नार्थ