- गंभीर हालत में प्रेगनेंट महिला जिला अस्पताल रेफर

- गांव की जमीन पर दबंगों के कब्जे के विरोध में कर रहे थे प्रदर्शन

GOLA BAZAR: गोला तहसील पर सोमवार को प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। आरोप है कि पुलिस ने बेरहमी से महिलाओं की पिटाई की। इसमें पांच महिलाएं घायल हो गई। एक प्रेगनेंट महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया है। इस संबंध में एसडीएम ने पुलिस का बचाव किया है।

जमीन पर कब्जे का विरोध

गोला क्षेत्र के बाथबुजुर्ग ग्राम सभा में जमीन के एक टुकड़े पर कुछ दबंग लोग कब्जा करने में लगे हैं। प्रधान सुनीता देवी, उनके प्रतिनिधि जितेन्द्र सिंह व ग्रामीणों ने इसका विरोध किया लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीण मंगलवार को तहसील पर प्रदर्शन करने पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लेखपाल दबंग से मिला हुआ है। साथ ही उसे अधिकारियों की भी शह मिल रही है।

फूट पड़ा गुस्सा

चार घंटे तक तहसील पर जमे रहने के बाद भी वहां कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीण एसडीएम के चेम्बर तक पहुंच गए। एसडीएम ने कोई तवज्जो नहीं दी तो बाहर धरने पर बैठ गए। उसी दौरान हल्का लेखपाल वहां पहुंच गया तो ग्रामीणों से उसकी कहासुनी होने लगी। आरोप है कि लेखपाल ने गालियां दी इससे ग्रामीण बौखला गए और नौबत मारपीट तक पहुंच गई।

एसडीएम ने बुलाई पुलिस

हंगामा शुरू होने पर एसडीएम ने फोर्स मंगा ली। पुलिस ने पहुंचते ही ग्रामीणों पर लाठी चलाना शुरू कर दिया। प्रदर्शन में महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे लेकिन पुलिस व अधिकारियों ने इसका भी ध्यान न रखा। लोगों में अफरातफरी मच गई। कई गिरकर चुटिल हो गए।

पुलिस ने दिखाई बर्बरता

पुलिस की लाठी महिलाओं और बच्चों पर पड़ी। आधा दर्जन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। इनमें कुसुम देवी, उर्मिला देवी, द्रौपदी देवी, राधा, शीला शामिल हैं। कुसुम प्रेगनेंट है। उसके पेट में चोट लगी और खून बहने लगा। तुरंत 108 नंबर पर कॉल किया गया तो एंबुलेंस पहुंची जो सीएचसी गोला ले गई। डॉक्टर ने नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लाठी चार्ज के बाद अधिकारी और पुलिस आराम से चलते बने।

गांव के लोग लेखपाल को हटाने की मांग कर रहे थे। लेखपाल से विवाद भी किया। पुलिस ने उन्हें तहसील से हटाया लेकिन लाठी चार्ज नहीं किया गया है।

- एनके सिंह, एसडीएम, गोला