- पूर्व घोषित प्रत्याशी यशपाल सिंह रावत की जगह मनोज यादव प्रत्याशी घोषित

GORAKHPUR: समाजवादी पार्टी में विधान सभा चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद चल रहे घमासान का असर नजर आने लगा है। शनिवार को सहजनवां से पूर्व घोषित प्रत्याशी यशपाल सिंह रावत का टिकट काटकर उनकी जगह मनोज यादव को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के निजी सचिव जगजीवन प्रसाद की ओर से जारी पत्र जारी होते ही हड़कंप मच गया। सपा के जिला मीडिया प्रभारी राजू तिवारी ने बताया कि पूर्व राज्यमंत्री, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष जगदीश यादव के बेटे मनोज यादव पार्टी के प्रदेश सचिव रह चुके हैं। पार्टी के पुराने कार्यकर्ता के रूप में जगदीश की पार्टी में अच्छी छवि है। उधर, टिकट कटने से पूर्व विधायक यशपाल रावत के खेमे में मायूसी छा गई। सपा कार्यकर्ताओं के बीच इसको लेकर चर्चा होती रही। लोगों ने कयास लगाए कि चुनाव के पहले अन्य सीटों पर प्रत्याशी बदले जाने की संभावना है। जातीय गुणा-गणित के आधार पर गैर दलों से टूटकर सपा में शामिल हुए चेहरों को पार्टी हाईकमान मौका दे सकता है।