-12 वर्षीय बालक के मुंह में घुस गया था सरिया

-देर रात डॉक्टरों ने किया सफल ऑपरेशन, बालक स्वस्थ

बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने एक जटिल ऑपरेशन कर देवरिया के राज (12) को नया जीवन दिया है। उसके मुंह से आर-पार होते हुए सरिया सीने में घुस गया था। बच्चे को होश आ गया है। वह पोस्ट ऑप वार्ड में भर्ती है।

गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बौड़ी तिवारी गांव में शनिवार को राज दोपहर ढाई बजे अपने साथियों संग गांव के ही एक निर्माणाधीन मकान की छत पर खेल रहा था। अचानक वह एक पिलर पर गिर गया, जिसमें निकला सरिया उसके मुंह में घुस गया। बच्चों ने शोर मचाया तो लोग जुटे। गांव के कुछ लोगों ने सरिया का एक सिरा काटकर राज को वहां से निकाला। सरिया का शेष हिस्सा मुंह में ही फंसा हुआ था। उसे लेकर परिजन पहले जिला अस्पताल गए। गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर ऑपरेशन की तैयारी हुई। ब्लड जांच आदि सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रात 11:45 बजे ऑपरेशन शुरू हुआ। करीब डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद देर रात 1:15 बजे बच्चा खतरे से बाहर हो गया। ऑपरेशन सफल होने पर डॉक्टरों ने राहत की सांस ली। ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विभाग के डॉ। सतीश, सर्जरी विभाग के डॉ। अभिषेक जीना व डॉ। सैम्फ, नाक- कान- गला विभाग के डॉ। आरएन यादव व डॉ। वर्तिका शामिल रहीं।

------

ऑपरेशन जटिल था। मुंह में सरिया घुसा था, इसलिए बेहोशी की नली नाक से डाली गई। बहुत ही सावधानी पूर्वक सरिया निकाला गया। जीभ का अगला हिस्सा, गले व सीने में हुए नुकसान को ठीक कर दिया गया है। कोई परमानेंट डैमेज नहीं था। बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है।

- डॉ। अभिषेक जीना

----

2:30 बजे शनिवार दिन में हुई घटना

6:30 बजे शाम को मेडिकल कॉलेज बच्चे को लेकर पहुंचे परिजन

11:45 बजे रात को शुरू हुआ ऑपरेशन

01:15 बजे देर रात ऑपरेशन पूरा हुआ

5 डॉक्टरों ने मिलकर किया ऑपरेशन